शांतिपुरी: भाड़ा बढ़ाने की मांग को लेकर डंपर स्वामियों का हंगामा, खनिज निकासी कराई बंद
शांतिपुरी, अमृत विचार। गौला नदी से उचित भाड़े की मांग को लेकर पीछे 15 दिनों से हड़ताल में चल रहे वाहन स्वामियों ने मंगलवार को आनंदपुर क्षेत्र स्थित स्टोन क्रशरों में पहुंच कर हंगामा करते हुए स्टोन की निकासी बंद कराई। गौला समिति के अध्यक्ष जीवन कबड़वाल के आह्वान पर लालकुआं और शांतिपुरी के वाहन …
शांतिपुरी, अमृत विचार। गौला नदी से उचित भाड़े की मांग को लेकर पीछे 15 दिनों से हड़ताल में चल रहे वाहन स्वामियों ने मंगलवार को आनंदपुर क्षेत्र स्थित स्टोन क्रशरों में पहुंच कर हंगामा करते हुए स्टोन की निकासी बंद कराई। गौला समिति के अध्यक्ष जीवन कबड़वाल के आह्वान पर लालकुआं और शांतिपुरी के वाहन स्वामियों ने एक सुर में भाड़े में बढ़ोतरी के लिए प्रदर्शन किया। और आनंदपुर स्थित सभी पांच स्टोन क्रेशरों में जाकर वहां की बिक्री भी बंद करवा दी। जिसमें वाहन स्वामियों ने क्रेशर स्वामियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी ऊंची कीमतों पर बेचने में भी क्रशर स्वामी हमेशा से नुकसान का रोना रोते हैं।
कहा कि पिछले कुछ वर्षों से क्रशर स्वामी डंपर मालिकों को शोषण कर रहे हैं। उनसे निम्न दरों पर गौला खनिज खरीद कर ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं, जिससे डंपर स्वामी अपने वाहनों को ओने-पौने दामो में बेचने पर विवश हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर उनकी अनदेखी का आरोप भी लगाया, साथ ही आगामी चुनाव में इसका परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
वाहन स्वामी क्रशरों में खनिज बिक्री बंद करवाने की मांग को लेकर सड़क पर धरने में बैठ गए। जीवन कबड़वाल ने बताया कि मामले को लेकर जल्द जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने मुलाकात के बाद खनिज का मूल्य तय होने की संभावना जताई है। कहा कि जब तक प्रशाशन और क्रशर स्वामी दामों में बढ़ोतरी नहीं करते तब तक यह हड़ताल इसी तरीके से चलती रहेगी। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर अवैध खनन और ओवर लोडिंग पर लगाम न लगाने का आरोप लगाया। इस मौके पर कपिल रावत, कवींद्र रावत, बबलू सूंठा, गोविंद मेहता, गणेश पांडे, भगत मेहरा, धर्मेंद्र कोरंगा, बनटी, सोमेश कोरंगा, भवान सिंह कार्की, संजू कार्की, तारू गड़िया आदि मौजूद रहे।
