मुरादाबाद : फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में सुनवाई टली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण निचली अदालत का चयन न होने के कारण सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई के लिए एमपी-एमएलए कोर्ट ने पांच जनवरी की नियत की है। वर्ष …

मुरादाबाद, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण निचली अदालत का चयन न होने के कारण सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई के लिए एमपी-एमएलए कोर्ट ने पांच जनवरी की नियत की है।

वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में रामपुर लोकसभा सीट से सपा के कद्दावर नेता आजम खां ने फिल्म अभिनेत्री व भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा को शिकस्त दी थी। इसके बाद आजम खां के स्वागत में कटघर थाना क्षेत्र स्थित एक इंटर कालेज में जलसे का आयोजन किया गया था। जिसमें आजम खां के अलावा उनके बेटे अब्दुल्ला आजम और मुरादाबाद के सांसद डा. एसटी हसन ने प्रमुख रूप से शिरकत की थी। इस जलसे में अपने संबोधन के दौरान आजम खां व अन्य सपाइयों ने फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी।

बाद में कटघर थाने में आजम खां, अब्दुल्ला आजम, डॉ. एसटी हसन, सम्भल के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष फरोज खां, रामपुर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अजहर खां और आयोजनकर्ता आरिफ खां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में फरार चल रहे सम्भल के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां सरेंडर कर चुके हैं। जबकि कोर्ट में पेश न होने पर रामपुर के पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां को कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया है। साथ ही आरोपियों द्वारा चार्जशीट पर सवाल उठाते हुए कोर्ट में दिए गए डिस्चार्ज प्रार्थना पत्र को कोर्ट ने खारिज भी कर दिया है।

इस मामले में मंगलवार को सुनवाई होनी थी लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण सुनवाई टल गई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता शहनवाज शिबतेन ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने आजम खां पर दर्ज छोटे मामलों की सुनवाई मजिस्ट्रेट की कोर्ट में करने के आदेश दिए गए हैं। नई कोर्ट का गठन न होने के कारण मंगलवार को सुनवाई टल गई। अब इस मामले में पांच जनवरी को सुनवाई होगी।

आजम खां पर दर्ज फरारी के मामले में सुनवाई पांच को
मुरादाबाद। छजलैट कांड में सपा के कद्दावर नेता आजम खां पर दर्ज फरारी के मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए पांच जनवरी की तारीख नियत की है। वर्ष 2008 में आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ बिजनौर की ओर जा रहे थे। कार के शीशों पर काली फिल्म होने के कारण छजलैट थाने के सामने उनकी गाड़ी को रोक लिया गया था। जिस पर आजम खां अपने बेटे संग थाने के सामने धरने पर बैठ गए थे। सूचना पर मौके पर पहुंचे मंडल भर के सपाइयों ने जमकर हंगामा किया था। इस मामले में आजम व अब्दुल्ला आजम समेत तमाम सपाइयों के खिलाफ छजलैट थाने में गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। इस मामले में करीब 11 साल तक आजम खां कोर्ट में पेश नहीं हुए तो वर्ष 2019 में उनके खिलाफ छजलैट थाने में फरारी और कोर्ट की अवमानना का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में मंगलवार को सुनवाई होनी थी। मंगलवार को भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण सुनवाई टल गई। अपर शासकीय अधिवक्ता मनीष भटनागर ने बताया कि इस मामले में अब पांच जनवरी को सुनवाई होगी।

संबंधित समाचार