हल्द्वानी: ठंड के मौसम में भी पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसा रहा जल संस्थान, ईई के सामने फूटा गुस्सा
हल्द्वानी, अमृत विचार। जल संस्थान के अधिकारियों की हीलाहवाली लोगों पर भारी पड़ रही है। ठंड के मौसम में भी हल्द्वानी के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंचे दमुआढूंगा के लोगों का ईई पर गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने ईई से क्षेत्र में 15 दिन से …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जल संस्थान के अधिकारियों की हीलाहवाली लोगों पर भारी पड़ रही है। ठंड के मौसम में भी हल्द्वानी के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंचे दमुआढूंगा के लोगों का ईई पर गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने ईई से क्षेत्र में 15 दिन से पानी नहीं आने के बात कही व साथ ही बताया कि पिछले दो साल से जल संस्थान उनको पानी का बिल नहीं दे रहा है। कई बार शिकायत करने पर भी अधिकारी उनकी नहीं सुनते हैं।
मंगलवार को तिकोनिया स्थित जल संस्थान के ईई कार्यालय में दमुआढूंगा के लोग पहुंचे। इस दौरान लोगों ने पानी व बिल न देने पर ईई से शिकायत की। ईई संजय श्रीवास्तव ने बताया कि नलकूप का वॉल खराब हो गया है, जिसके कारण पानी नहीं आ पा रहा है। बाजार से नया वॉल खरीद लिया गया है, जल्द ही क्षेत्र को पानी की सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी। कहा कि जल संस्थान की ओर से लोगों के पानी के बिल भेजे गए हैं। लेकिन बिलों के वितरण के लिए जिस व्यक्ति को रखा गया है वह काम में लापरवाही दिखा रहा है। इस पर ईई ने एई नीरज तिवारी को कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
बोले लोग:
पानी नहीं आ रहा है, ऐसे में दर-दर भटकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। जल संस्थान लोगों की समस्याओं को सुनता नहीं है। – गोपाल राम
पिछले 15 दिनों से पानी की इंतजार में हैं, लेकिन अभी तक जल संस्थान की ओर से क्षेत्र में समस्या की सुध नहीं ली गई है। – जगदीश चंद्र भारती
जल संस्थान न तो क्षेत्र को पानी दे पाता है और न ही लोगों को समय से पानी का बिल दे पा रहा है। दो साल से लोग जल संस्थान के चक्कर लगा रहे हैं। – महेशानंद आर्या
ठंड का समय है और पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में इधर-उधर से पानी की व्यवस्था करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। – लीला देवी
