मुरादाबाद : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभ से वंचित 18434 गर्भवती महिलाएं
विनोद श्रीवास्तव/मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजनाओं का जिले में बुरा हाल है। जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ पाने से 18430 महिलाएं वंचित हैं। इससे योजना का असल उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है। एक साल और बीता लेकिन योजना अभी मुकाम से दूर है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में …
विनोद श्रीवास्तव/मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजनाओं का जिले में बुरा हाल है। जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ पाने से 18430 महिलाएं वंचित हैं। इससे योजना का असल उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है। एक साल और बीता लेकिन योजना अभी मुकाम से दूर है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में केंद्र सरकार पहली बार गर्भवती महिलाओं को पोषण युक्त आहार के लिए पांच हजार रुपये देती है। इससे गर्भवती महिलाएं पोषणयुक्त आहार व खानपान लेंगीं। जिससे जन्म लेने वाले बच्चा स्वस्थ हो, कुपोषित या अति कुपोषित न हो। इसके लिए जिले में 2017 में पहले चरण में 81757 गर्भवती महिलाएं सूची में शामिल हुईं। लेकिन अभी तक सूची में शामिल 63,327 को ही दायरे में शामिल किया गया है। 18430 का अभी योजना का लाभ दिलाकर पांच हजार रुपये देना तो दूर उनको इसमें शामिल करने की औपचारिकता भी पूरी नहीं हो पाई है।
योजना की प्रगति में पिछड़ने का हर बार कोई न कोई बहाना चिकित्साधिकारी बनाते रहते हैं। अभी तक कोविड की पहली व दूसरी लहर के संक्रमण के चलते विलंब की दुहाई दी जा रही थी। अब तीसरी लहर के आने की आशंका और पात्रों की उदासीनता को ही दोष दिया जा रहा है। योजना का लाभ दिलाने के लिए इन दिनों मलिन बस्तियों में शिविर भी लग रहा है। फिर भी कोई खास फर्क नहीं दिख रहा है। अभी भी योजना की प्रगति जिले में महज 77.46 फीसदी है।
ब्लॉकवार लक्ष्य व उपलब्धि
ब्लॉक लक्ष्य दायरे में शामिल आवेदन उपलब्धि प्रतिशत
ठाकुरद्वारा 6587 6292 95.52
मूंढापांडे 6616 5937 89.74
डिलारी 7041 5695 80.88
कुंदरकी 9711 7743 79.73
ताजपुर 6302 4714 74.80
बिलारी 7909 5782 73.11
मुरादाबाद सदर 23221 16831 72.48
छजलैट 7450 5455 73.22
भोजपुर 6920 4878 70.49
कुल योग 81757 63327 77.46
ठाकुरद्वारा ब्लॉक टॉप पर 95.52 फीसदी लक्ष्य पूरा
योजना का लाभ दिलाने के लिए औपचारिकता पूरी करने में जिले में ठाकुरद्वारा ब्लॉक सबसे आगे है। यहां पर 95.52 फीसदी महिलाओं के आवेदन भरवा कर औपचारिकता पूरी करा दी गई है। जबकि सबसे फिसड्डी ब्लॉक भोजपुर में प्रगति 70.49 फीसदी है।
योजना के दायरे में 81757 में से 63327 को शामिल कर आवेदन करा दिया गया है। शेष के आवेदन भी भरवाए जा रहे हैं। इसके लिए शहर के मलिन बस्तियों में इन दिनों शिविर में जागरूक भी किया जा रहा है। कई पात्र महिलाओं के दस्तावेज जैसे आधार कार्ड न होना, बैंक खातों के आधार से लिंक न होने से दिक्कत आ रही है। इसे ठीक कराने के लिए कहा है। दीप्ति यादव, जिला कार्यक्रम समन्वयक, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
