मुरादाबाद : एक हजार से अधिक लोग विदेश से लौटे, 100 से स्वास्थ्य टीमों का संपर्क नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में विदेश से लौटने वालों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। शनिवार को आई नई सूची में 43 और यात्री विदेश से जिले में लौटे। हालांकि विदेश से लौटने वालों से संपर्क साधने में स्वास्थ्य टीमें फिसड्डी हैं। सौ से अधिक यात्री अभी भी संपर्क से दूर हैं। शनिवार को …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में विदेश से लौटने वालों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। शनिवार को आई नई सूची में 43 और यात्री विदेश से जिले में लौटे। हालांकि विदेश से लौटने वालों से संपर्क साधने में स्वास्थ्य टीमें फिसड्डी हैं। सौ से अधिक यात्री अभी भी संपर्क से दूर हैं।

शनिवार को आई नई सूची में 43 विदेश से लौटने वाले यात्रियों को मिलाकर अब संख्या 1012 पहुंच गई। इसमें सौ से अधिक अभी भी संपर्क से दूर होने से इनकी हिस्ट्री को लेकर संदेह है। बीस के मोबाइल नंबर बंद होने से इनसे संपर्क नहीं हो पाया। जबकि कई ऐसे हैं जिनकी लिस्ट बनाने और संपर्क साधने में ही उनके आने से लेकर सात दिन पूरा होने पर उनकी सूची ठंडे बस्ते में डाल दी गई। शेष से मोबाइल पर संपर्क करने में टीमें जुटी हैं। जो नई सूची आई उन 43 यात्रियों में सऊदी अरब, यूएई, कनाडा, मालदीव, जर्मनी, यूके, जापान, ओमान, कतर, सिंगापुर, रूस, रियाद, टोरंटो, दुबई आदि से लौटे हैं। इनकी सूची स्वास्थ्य टीम को दे दी गई है। इनसे सोमवार को टीमें संपर्क करेंगीं।

यहां के हैं रहने वाले
विदेश से आए नई सूची में शामिल यात्री शहर के टीडीआई सिटी, आशियाना कॉलोनी, असालतपुरा, सीतापुरी, सूरज नगर, वसुंधरा कॉलोनी के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के ठाकुरद्वारा, डिलारी, कांठ रोड, पाकबड़ा, कुंदरकी, मूंढापांडे आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

संक्रमितों की जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट का इंतजार
दो दिन पहले जांच में कोविड पॉजिटिव आईं टीएमयू की 37 वर्षीय महिला चिकित्सक व उनके संपर्क में आए सात लोगों के अलावा दिल्ली में रह रहे 23 वर्षीय युवक व उसके संपर्क के लोगों की जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव का कहना है कि जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट के लिए चार-पांच दिन इंतजार करना पड़ेगा। सभी से होम आइसोलेशन में रहकर पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

देशभर में तेजी बढ़ रहे डेल्टा-ऑमिक्रान के केस, शहरवासी बेखौफ
मुरादाबाद। देश प्रदेश में डेल्टा व ऑमिक्रान के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके बाद भी सड़कों पर बेफिक्री का नजारा है। कहीं यह लापरवाही तीसरी लहर का निमंत्रण न बन जाए। जिलाधिकारी के आदेश का न तो सरकारी कार्यालयों में पालन हो रहा है और न सार्वजनिक आयोजनों में इसको लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
जिले में ऑमिक्रान का कहर न टूटे इसको लेकर एहतितयाती कदम उठाते हुए जिलाधिकारी ने नौ दिसंबर को आदेश जारी कर सरकारी व निजी कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करने, मास्क अनिवार्य रुप से लगाने, सैनिटाइजेशन का प्रबंध और थर्मल स्कैनिंग कराने के निर्देश दिये हैं। मगर इसका पालन न तो सरकारी कार्यालयों में पूरी तरह से हो रहा है और न सार्वजनिक स्थानों पर एकत्रित हो रहे लोग इस पर अमल कर रहे हैं। भीड़-भाड़ वाले हाट बाजारों, आयोजनों में भी अधिकांश बिना मास्क के दिख रहे हैं। सैनिटाइजेशन व थर्मल स्कैनिंग के प्रबंध भी राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में होता नहीं दिख रहा है। शहर में कई सार्वजनिक आयोजनों में कोविड मानकों की अनदेखी की जा रही है। ऐसे में यह लापरवाही कोविड की तीसरी लहर को आमंत्रण दे रही है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ.प्रवीन श्रीवास्तव का कहना है कि जिलाधिकारी ने स्वयं ऑमिक्रान को देखते हुए सतर्कता और एहतियात बरतने करने का आदेश दिया है। लोगों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

संबंधित समाचार