फरवरी के दूसरे सप्ताह में बरेली में चुनाव, तैयारी रखें
बरेली, अमृत विचार। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने रविवार को बरेली कमिश्नरी की 25 विधानसभा सीटों की चुनावी तैयारियां परखीं। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक बैठक लेते हुए पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि फरवरी में चुनाव होने जा रहे हैं। संभवत: फरवरी के दूसरे सप्ताह में बरेली जनपद में चुनाव होंगे। इसलिए …
बरेली, अमृत विचार। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने रविवार को बरेली कमिश्नरी की 25 विधानसभा सीटों की चुनावी तैयारियां परखीं। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक बैठक लेते हुए पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि फरवरी में चुनाव होने जा रहे हैं। संभवत: फरवरी के दूसरे सप्ताह में बरेली जनपद में चुनाव होंगे।
इसलिए एक-एक कार्यकर्ता बूथों को मजबूत करने में जुटें। अति आत्मविश्वास न रखते हुए जमीनी स्तर पर उतरकर केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों के साथ कल्याणकारी योजनाओं के बारे में आमजन को बताएं। माहौल भाजपा के पक्ष में चल रहा है। प्रत्येक विधानसभा में 25-25 ऐसे बूथ बनाएं, जिनमें 100-100 सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हों।
जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा विस्तारक बूथों को मजबूत दिलाने के लिए बूथों पर जाकर नियमित बैठकें करें। बीएल संतोष ने कहा कि जन विश्वास यात्रा 31 को बरेली में आने वाली है। प्रत्येक तहसील में घूमेगी। उसके स्वागत की ऐतिहासिक तैयारियां करें। सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में बीएल संतोष ने कई बैठकें कर पार्टी पदाधिकारियों के साथ आगामी चुनाव को लेकर चर्चा की।
कार्यालय में सबसे पहले बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों के साथ आधे घंटे तक प्रत्येक विधानसभा की अपडेट रिपोर्ट जानीं। विधानसभा प्रभारी और विस्तारकों के साथ बूथों की स्थिति पर चर्चा कर तैयारियां परखीं। इस दौरान भाजपा प्रदेश के सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश कुमार मिश्र, जिला प्रभारी संतोष सिंह, महानगर प्रभारी पंकज सिंह, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, जिलाध्यक्ष आंवला वीर सिंह पाल, महानगर अध्यक्ष केएम अरोड़ा, गुलशन आनंद, पवन अरोड़ा आदि भी बैठकों में उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाएं
बीएल संतोष ने वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राजस्व राज्य मंत्री छत्रपाल गंगवार, नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता, सांसद संतोष गंगवार, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सांसद संघमित्रा मौर्य, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं विधायक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, बदायूं की जिला पंचायत अध्यक्ष बर्षा यादव, मेयर डा उमेश गौतम, विधायकों में डा. अरुण कुमार, धर्मपाल सिंह, राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, डीसी वर्मा, बहोरन लाल मौर्य, बिसौली के कुसाग्र सागर, धर्मेंद्र शाक्य समेत मंडल के अन्य विधायकगणों के साथ चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया। जनप्रतिनिधियों के साथ शाम 4.30 बजे से बैठक शुरू की। बीएल संतोष ने जनप्रतिनिधियों को बूथों को मजबूत करने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने को कहा।
आवेदन वाले दावेदारों संग प्रमुख कार्यकर्ता न जाएं
बीएल संतोष के बरेली दौरे का कार्यक्रम गोपनीय रखा गया। शनिवार देर शाम कार्यक्रम आने के बाद सिर्फ उन पदाधिकारियों के पास ही भेजा गया, जिन्हें बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन रविवार की सुबह जैसे ही टिकट के दावेदारों को यह भनक लगी कि दोपहर करीब 12 बजे तक बीएल संतोष बरेली आ रहे हैं, वैसे ही दावेदार भाजपा कार्यालय पहुंच गए। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में विधानसभा सीटों पर दावेदारी करने वाले नेताओं का मजमा कार्यालय में लग गया।
कई तो बीएल संतोष से मिलने की जुगत भिड़ाने में जुट गए। कोई मंत्री को पकड़े तो कोई सांसद को लेकिन भाजपा कार्यालय में कुछेक दावेदार ही राष्ट्रीय महामंत्री संगठन से मिल सके। टिकट पाने वाले दावेदारों में बीएल संतोष से मिलने की अलग ही तड़प दिखी। एक तरह से उन्हें चेहरा दिखाने की होड़ मची थी। कुछ दावेदारों ने बीएल संतोष को अपना आवेदन सौंपा तब उन्होंने दावेदारों को स्पष्ट संकेत दिए कि आवेदन मुझे देने से कोई फायदा नहीं।
टिकट का बंटबारा प्रदेश हाईकमान करेगा। टिकट के लिए प्रदेशस्तर पर आवेदन करें। इस दौरान उन्होंने प्रमुख कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि आवेदन देने जाने वाले दावेदारों के साथ कोई सक्रिय कार्यकर्ता न जाए। दावेदारों को स्वयं आवेदन लेकर जाने दें।
