चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: भाजपा के मौजूदा महापौर आप प्रत्याशी से हारे, मतगणना जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा महापौर रविकांत शर्मा को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी दमनप्रीत सिंह के हाथों हार मिली है। सोमवार को अब तक घोषित परिणामों में यह जानकारी सामने आई है। यहां शुक्रवार को हुए नगर निगम चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना …

चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा महापौर रविकांत शर्मा को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी दमनप्रीत सिंह के हाथों हार मिली है। सोमवार को अब तक घोषित परिणामों में यह जानकारी सामने आई है। यहां शुक्रवार को हुए नगर निगम चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना जारी है और परिणाम सोमवार दोपहर तक घोषित होने की उम्मीद है।

आप को अब तक पांच वार्डों में जीत मिली है जबकि कांग्रेस और भाजपा को दो-दो वार्ड में विजय हासिल हुई है। रविकांत शर्मा दमनप्रीत सिंह से अपनी सीट वार्ड संख्या 17 पर 828 मतों के अंतर से हार गए। पूर्व महापौर एवं भाजपा उम्मीदवार दवेश मौदगिल वार्ड संख्या 21 से आप के जसबीर से 939 मतों से हार गए।

पहली बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव लड़ रही आप, तीन वार्डों में और कांग्रेस एक में आगे चल रही है। नगर निगम के 35 वार्डों के लिए नौ मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। वार्डों की संख्या 2016 में 26 थी जो बढ़कर अब 35 हो गई है। परंपरागत रूप से, हर पांच साल में होने वाले नगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती है, लेकिन आम आदमी पार्टी के आ जाने से इस बार मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

मौजूदा नगर निकाय में भाजपा के पास बहुमत है। पिछले नगरपालिका चुनावों में, भाजपा ने 20 सीटें जीती थीं और इसकी भूतपूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के हिस्से एक सीट आई थी। कांग्रेस के हाथ बस चार सीटें आई थीं। भाजपा ने पिछले पांच वर्षों की अपनी “उपलब्धियों” के सहारे चुनाव लड़ा है।

कांग्रेस और आप ने विकास कार्य करने में कथित तौर पर विफल रहने के लिए भाजपा पर निशाना साधा और “स्वच्छ सर्वेक्षण” (स्वच्छता के लिए एक रैंकिंग) रैंकिंग में शहर के नीचे जाने पर उसकी आलोचना की। दोनों दलों ने भाजपा को दादुमाजरा कूड़ा भंडारण स्थल की समस्या न सुलझाने और आवश्यक सामग्रियों की कीमतें बढ़ने को लेकर भी घेरा है।

ये भी पढ़े-

युवती के प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर व्यक्ति ने की तेजाब फेंकने की कोशिश, गिरफ्तार

संबंधित समाचार