हल्द्वानी: 10 फीट ऊंचे मंच से बोलेंगे प्रधानमंत्री मोदी, एमबी इंटर कॉलेज जाने वाली सड़क जनसभा स्थल में बदली
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 30 दिसंबर को प्रस्तावित जनसभा के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जनसभा स्थल पर आमजन के प्रवेश के लिए रास्ता बदल दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए जगदंबा नगर की ओर से लोग जनसभा स्थल पर जा सकेंगे। इसके लिए तीन प्रवेश …
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 30 दिसंबर को प्रस्तावित जनसभा के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जनसभा स्थल पर आमजन के प्रवेश के लिए रास्ता बदल दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए जगदंबा नगर की ओर से लोग जनसभा स्थल पर जा सकेंगे। इसके लिए तीन प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं।
जनसभा स्थल एमबी कालेज मैदान का दायरा बढ़ाया गया है। इसके लिए चहारदीवारी को तोड़ दिया गया है। सड़क को भी जनसभा स्थल में समाहित कर लिया गया है। अभी तक जो जनसभा के लिए जो योजना बनाई गई है। उसके हिसाब से नैनीताल मार्ग से दुर्गा सिटी सेंटर वाली सड़क से वीवीआईपी का आगमन होगा। चूंकि एमबी कालेज वाली सड़क को जनसभा स्थल में समाहित कर लिया गया है। इसलिए जनसभा स्थल पर इस रास्ते से नहीं जाया जा सकेगा। जगदंबा नगर में मंदिर के सामने चिल्ड्रन पार्क के पड़ोस से जनसभा स्थल के लिए रास्ता रहेगा। इसके लिए मैदान की इस तरफ वाली चहारदीवारी को तीन स्थानों पर तोड़ा गया है। इन तीनों स्थानों पर प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। मैदान को चारों ओर से ढका जा रहा है। बेरिकेड बनाने के काम में भी तेजी आ गई है।
दस फीट ऊंचे मंच से बोलेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दस फीट ऊंचे मंच से जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके लिए मंच का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसे इस हिसाब से तैयार किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मंच के साथ ही कुमाऊं की पहाड़ियों का भी अवलोकन कर सकें। इसके बगल में ही 40 गुणा 40 का मंच अलग से बनाया जा रहा है। इसको बनाने का काम भी शुरू हो गया है। 60 फीट का सुरक्षा घेरे(डी) के बाद लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
बिजली लाइन शिफ्ट, पेयजल लीकेज भी दुरुस्त
एमबी कालेज मैदान की चहारदीवारी से लगी बिजली की लाइन को भी शिफ्ट कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर को भी हटा लिया गया है। एमबी कालेज, मुख्य मार्ग पर हो रही पेयजल लाइनों की लीकेज को भी ठीक कर लिया गया है। डिवाइडरों, फुटपाथों के साथ ही एमबीपीजी कालेज की चहारदीवारी को भी चमकाया जा रहा है।
एमबी इंटर कॉलेज वाली सड़क पूरी तरह बंद
एमबी इंटर कालेज वाली सड़क पर जनसभा की तैयारियां चल रही है। चूंकि सड़क को जनसभा स्थल में समाहित कर लिया गया है। ऐसे में इस सड़क पर यातायात शनिवार रात से प्रभावित है। रविवार से इसे बंद कर दिया गया है। अब ये मार्ग शुक्रवार को ही खुलेगा। हालांकि, एमबी कालेज में सोमवार को होने वाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को आने की इजाजत होगी।
आसपास के क्षेत्र के बाजार रहेंगे बंद
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जनसभा स्थल के आसपास के क्षेत्र के बाजार बंद रहेंगे। गुरुवार को एमबी कालेज रोड, दुर्गा सिटी सेंटर, जगदंबा नगर, कैनाल रोड, नबावी रोड आंशिक का बाजार बंद रहेगा। अभी योजना बनाई जा रही है। इसमें तिकोनिया से नैनीताल रोड पर जजी तक, वर्कशॉप लाइन का बाजार भी बंद रह सकता है।
