मुरादाबाद : नये साल में जिला पंचायत के 37 वार्डों में बनेगी लाइब्रेरी
मुरादाबाद,अमृत विचार। नये साल में जिला पंचायत के 37 सदस्यों के वार्ड क्षेत्र के किसी एक गांव में लाइब्रेरी की सौगात मिलेगी। जिला पंचायत लाइब्रेरी बनवाएगी। इसके लिए आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर मंजूरी दिलाई जाएगी। नया साल 2022 जिला पंचायत सदस्यों के साथ ही ग्रामीण अंचल में शिक्षा के क्षेत्र में अहम साबित …
मुरादाबाद,अमृत विचार। नये साल में जिला पंचायत के 37 सदस्यों के वार्ड क्षेत्र के किसी एक गांव में लाइब्रेरी की सौगात मिलेगी। जिला पंचायत लाइब्रेरी बनवाएगी। इसके लिए आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर मंजूरी दिलाई जाएगी। नया साल 2022 जिला पंचायत सदस्यों के साथ ही ग्रामीण अंचल में शिक्षा के क्षेत्र में अहम साबित होगा।
जिला पंचायत सदस्य अजयवीर के 24 दिसंबर को सर्किट हाउस में हुई बोर्ड बैठक में दिए इस सुझाव पर सहमति बनी थी। लाइब्रेरी के लिए ग्राम पंचायत द्वारा जमीन उपलब्ध करायी जायेगी। लाइब्रेरी में देश-प्रदेश के साथ जिले के ऐतिहासिक धरोहरों व सरकारी योजनाओं व प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित ज्ञानवर्धक पुस्तकें रखीं जाएंगी। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी शिशुपाल शर्मा ने बताया कि बोर्ड की बैठक में इस पर चर्चा हुई थी। ग्राम पंचायत में जमीन की उपलब्धता के आधार पर ही इस कार्य को साकार करना संभव हो सकेगा।
जिपं कराएगी निर्माण, ग्राम पंचायत को रखरखाव का जिम्मा : लाइब्रेरी के लिए जमीन उपलब्ध होने पर जिला पंचायत अपने बजट से इसका निर्माण कराएगी। हालांकि लाइब्रेरी का रखरखाव ग्राम पंचायतों को ही करना होगा। इसके लिए ग्राम पंचायत के प्रधान की रजामंदी से कदम आगे बढ़ेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह ने कहा कि गांवों में शिक्षा का स्तर उठाने के लिए जिला पंचायत हरसंभव सहयोग को तैयार है। लाइब्रेरी निर्माण की चर्चा जिपं की बैठक में हो चुकी है। ऐसे कार्यों का लाभ जन सामान्य को मिलेगा। शिक्षा का स्तर उठने पर जिले व प्रदेश का सर्वांगीण विकास होगा।
