मुरादाबाद : भोजपुर पुलिस ने 150 टन ई-कचरे से भरा कंटेनर पकड़ा
भोजपुर/मुरादाबाद/अमृत विचार। पुलिस ने आधी रात को मोहल्ला नई बस्ती बगियावाला में छापेमारी कर 150 टन ई-कचरे से भरा कंटेनर सीज कर दिया। दरोगा ने ई-कचरा धंधेबाज व वाहन चालक के खिलाफ अभियोग पंजिकृत कर चालक को हिरासत में लेकर चालान कर दिया। पुलिस कार्रवाई से ई-कचरे के धंधेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार …
भोजपुर/मुरादाबाद/अमृत विचार। पुलिस ने आधी रात को मोहल्ला नई बस्ती बगियावाला में छापेमारी कर 150 टन ई-कचरे से भरा कंटेनर सीज कर दिया। दरोगा ने ई-कचरा धंधेबाज व वाहन चालक के खिलाफ अभियोग पंजिकृत कर चालक को हिरासत में लेकर चालान कर दिया। पुलिस कार्रवाई से ई-कचरे के धंधेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है।
रविवार की रात को एक बजे मोहल्ला बगियावाला में ई-कचरे से भरा कंटेनर आकर रूका तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। उप निरीक्षक मेघपाल सिंह मौके पर पहुंचे तो ई-कचरा धंधेबाज मौके से भाग गये। पुलिस ने वाहन और चालक नईम पुत्र शमीम मोहल्ला जमींदारान को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा के मुताबिक ई-कचरा धंधेबाज दिल्ली से कंटेनर में 15 सौ क्लिंटल ई-कचरा भरकर कस्बे में जलाने के लिए लाये थे। आरोपी कचरा जलाने की तैयारी कर रहे थे।
ग्रामीणों की सजगता से पुलिस ने ई-कचरे से भरे कंटेनर को जब्त कर सीज कर दिया। वाहन चालक नईम एवं मोहल्ला नई बस्ती बगियावाला निवासी फरार कारोबारी मोहम्मद रफी के खिलाफ कूड़ा कचरा जलाकर वातावरण को दूषित करने के आरोप में अभियोग पंजिकृत कर वाहन को एमबीएक्ट में सीज कर जांच शुरू कर दी है।
ई-कचरे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने में पुलिस नाकाम
भोजपुर। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला प्रशासन की रोक के बावजूद ई-कचरे के धंधेबाज स्थानीय पुलिस के संरक्षण में कस्बे एवं आसपास के गांवों में दिल्ली, महाराष्ट्र, बंगाल, बिहार, कर्नाटक, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश से ई-कचरा लाकर वातावरण में जहर घोल रहे हैं। अवैध कमाई के चक्कर में दरोगा व सिपाही भी ई-कचरा जलाने, बाहर से लाने और जलाकर बाहर ले जाने में आंखे मूंदकर सहयोग करते हैं। थाने में तैनात दरोगा से लेकर सिपाहियों तक ई-कचरे के करोबारियों से साठगांठ करने के आरोप में सस्पेंड हो चुके हैं। मोटी कमाई के चक्कर में ई-कचरा धंधेबाज काम बंद करने को तैयार नही हैं। वहीं पुलिस कर्मी भी विभागीय कार्रवाई की अनदेखी कर कचरा जलवाने में सहयोग कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों की सख्ती के बाद भी लम्बे समय से ई-कचरे का कारोबार जोरशोर से चल रहा है।
