सीतापुर: सरकार और विपक्ष में फर्क बता कर शुभचिंतक की भूमिका में दिखे सीएम योगी
सीतापुर। चुनावी सुगबुगाहट के बीच सीतापुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री से ज्यादा शुभचिंतक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने सरकार और विपक्ष के फर्क को बता कर भले-बुरे की पहचान का मंत्र भी दिया। मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का खूब बखान किया। साथ ही पूर्व सीएम अखिलेश यादव का नाम …
सीतापुर। चुनावी सुगबुगाहट के बीच सीतापुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री से ज्यादा शुभचिंतक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने सरकार और विपक्ष के फर्क को बता कर भले-बुरे की पहचान का मंत्र भी दिया। मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का खूब बखान किया। साथ ही पूर्व सीएम अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उनकी पार्टी और उनके खानदान की बखिया भी उधेड़ी। मुख्यमंत्री ने बसपा व कांग्रेस को भी नहीं बख्शा।
प्रमुख विपक्षी दलों की पूर्व की करतूतों को गिना कर सीएम ने यह संदेश भी दिया कि जनता-जनार्दन की असली हितैशी भाजपा ही है। एक परिपक्व राजनीतिज्ञ की तरह सीएम ने अपने संबोधन के जरिए जनता के दिलों पर न सिर्फ छाप छोड़ी, बल्कि उन्होंने हिंदुत्व को लेकर बनी अपनी छवि को और मजबूत किया। उन्होंने सीतापुर के नैमिषारण्य सहित अन्य धार्मिक स्थलों को लेकर कराए जा रहे विकास कार्यो के साथ ही अयोध्या के राममंदिर और काशी विश्वनाथ का भी जिक्र किया। इतना ही नहीं जाते-जाते मुख्यमंत्री ने मौजूद जनसैलाब से संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री ने आगामी चुनाव को लेकर जनता जनार्दन एक-एक बात बारीकी से बताई। बिल्कुल एक शुभचिंतक की तरह मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों की चालबाजियों से लोगों को आगाह किया। उन्होंने कहा कि हम सब आप के बीच आए हैं। जन विश्वास यात्रा के जरिए। बोले, आप लोगों को डबल इंजन सरकार के डबल फायदे दिखाने के लिए आए हैं। सीएम ने कहा कि आप ने आशीर्वाद दिया। बदले में उसका लाभ प्रदेश को भी और जनता जनार्दन को भी प्राप्त हो रहा है। यह जन विश्वास यात्रा आपके विश्वास और साथ को अगले तीन महीने तक बनाए रखने के लिए आप का आर्शीवाद लेने आप तक पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा की कारगुजारियों पर सवाल करते हुए जनता की नब्ज भी टटोली। सवालिया लहजे में मुख्यमंत्री बोले, आप लोग क्या भारतीय जनता पार्टी की दोनों सरकारों, केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश की सरकार से खुश हैं? जो लोग खुश है, वह सभी लोग अपना हाथ खड़ा करके मुझे आश्वस्त करें। कहने लगे कि, जो लाेग खुश है मुट्ठी बांध कर संकल्प लें मेरे साथ में हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जनता का आवाहन कर तीन बार भारत माता की जय, बालेने के बाद अपना संबोधन खत्म किया।
इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण व शिलान्यास
सीएम योगी ने सोमवार को लहरपुर के अकबरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 116 करोड़ रूपये से अधिक लागत की 83 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया है। इनमें आवास विकास परिषद निर्माण खण्ड लखनऊ-10 की 10.21 करोड़ रूपये लागत की एक परियोजना है। जिसमें राजकीय महिला महाविद्यालय का लोकार्पण हुआ। इसके अलावा जिला पंचायत सीतापुर की 13.84 करोड़ रूपये लागत की 28 परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ। जिला पंचायत सीतापुर की 3.51 करोड़ रूपये लागत की 24 परियोजनाओं का शिलान्यास व जल निगम की 89.28 करोड़ रूपये लागत की 30 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
गन्ना भुगतान के सहारे सीएम ने किसानों को भी लुभाया
सीएम योगी ने अपने संबोधन में किसानों को भी खूब लुभाया। भाजपा सरकार में किसानों के लिये किये गये कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान समय से सुनिश्चित कराने के साथ ही सभी फसलों का उचित दाम किसानों को देने का काम किया गया है। सपा, बसपा की करब चौदह साल के समय में जितना गन्ना भुगतान नहीं हुआ उससे कहीं ज्यादा भाजपा की साढ़े चार साल की सरकार में किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग डेढ़ लाख करोड़ रूपये के गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को कराया गया है।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
सीएम योगी के कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्यमंत्री आवास एवं शहरी विकास कौशल किशोर, मंत्री प्राविधिक शिक्षा विभाग जितिन प्रसाद, सांसद राजेश वर्मा, सांसद मिश्रिख अशोक रावत, विधायक लरहपुर सुनील वर्मा, विधायक हरगांव सुरेश राही, विधायक मिश्रिख रामकृष्ण भार्गव, विधायक बिसवां महेन्द्र सिंह यादव, विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, विधायक सेउता ज्ञान तिवारी, क्षेत्रीय महामंत्री भाजपा नीरज वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा अचिन मेहरोत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, प्रदेश महामंत्री भाजपा विजय बहादुर पाठक, सांसद राज्यसभा नीरज शेखर, सांसद राज्यसभा संजय सेठ, मण्डलायुक्त रंजन कुमार, डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह, सीडीओ अक्षत वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
भगवामय हुआ शहर
भाजपा की जन विश्वास यात्रा को लेकर शहर से लेकर लहरपुर तक और कार्यक्रम स्थल भगवा रंग में रंगा दिखा। यात्रा के गुजरने वाले मार्गो पर होर्डिंग, बैनर व भाजपा के झंडे लगे हुए थे। खास तौर से भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर को पूरी तरह भगवामय कर दिया था। पूरे शहर में डिवाइडर तक भाजपा के झंडे लगे थे। हर चौराहे पर नेताओं के होर्डिंग व बैनर लगे थे। शहर को भगवा मय करने के लिए कई स्थानों पर गुब्बारे भी लगाए गए थे।
अभेद्य सुरक्षा घेरे में था कार्यक्रम स्थल
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा का अभेद्य कवच तैयार कर रखा था। प्रभारी सुरक्षा अधिकारी एएसपी डाक्टर राजीव दीक्षित ने बताया कि सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी। पूरे कार्यक्रम स्थल के चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात थे। वर्दी के अलावा प्राइवेट कपड़ों में भी भारी फोर्स तैनात किया गया था। एएसपी ने बताया कि तीन अपर पुलिस अधीक्षकों के अलावा आठ क्षेत्राधिकारी, 22 एसओ, इंस्पेक्टर, 70 दारोगा, ढाई सौ के करीब आरक्षी व महिला आरक्षी सुरक्षा को लेकर लगाए गए थे। इसके अलावा 30 ट्रैफिक पुलिस कर्मी ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करने के लिए लगे हुए थे। दो कंपनी पीएसी भी तैनात थी।
यह भी पढ़ें:-भाजपा के 32 विधायक इस बार चुनावी दंगल में नहीं ठोक पाएंगे ताल, देखें लिस्ट
