बरेली: बीडीए बोर्ड का नहीं मिला एजेंडा, विरोध शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की 31 दिसंबर को बुलाई गई बैठक को लेकर एक बार फिर से बवाल शुरू हो गया है। बीडीए के पार्षद सदस्यों ने समय पर एजेंडा न मिलने को लेकर आपत्ति दर्ज करायी है। सदस्यों का कहना है कि नियमानुसार सभी सदस्यों को बैठक से से कम से …

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की 31 दिसंबर को बुलाई गई बैठक को लेकर एक बार फिर से बवाल शुरू हो गया है। बीडीए के पार्षद सदस्यों ने समय पर एजेंडा न मिलने को लेकर आपत्ति दर्ज करायी है। सदस्यों का कहना है कि नियमानुसार सभी सदस्यों को बैठक से से कम से कम 10 दिन पहले एजेंडा प्राप्त हो जाना चाहिए ताकि सदस्यों को बिंदुओं के बारे में पहले ही जानकारी मिल सके और वे उस पर विचार-विमर्श के लिए पहले से तैयारी कर सकें। बता दें कि पूर्व में भी कई बार समय से एजेंडा प्राप्त न होने से सदस्य बैठक का विरोध कर चुके हैं।

विधानसभा चुनाव के चलते जल्द ही आचार संहिता लगने की संभावना है। इसलिए बीडीए ने साल के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर को 83वीं बैठक पूर्वाह्न 11 बजे आयुक्त सभागार में बुलाई गई है। इसके लिए सचिव ने बीडीए सदस्यों को जल्द ही एजेंडा जारी होने की जानकारी भी दी है। जबकि बीडीए बोर्ड की इस बैठक को लेकर तमाम सदस्यों ने मंडलायुक्त व प्राधिकरण के अध्यक्ष आर. रमेश कुमार को लिखित आपत्ति भेजी है। सदस्य आरेंद्र अरोरा कुक्की, नरेश शर्मा बंटी, सतीश चंद्र सक्सेना कातिब मम्मा ने यह शिकायत की है कि शासनादेश के क्रम में प्रत्येक तीन महीने के अंतराल में प्राधिकरण की बैठक को एक बार अवश्य बुलाया जाए।

इस संबंध में विगत बोर्ड की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि भविष्य में प्रत्येक त्रैमास में एक बैठक बोर्ड की अवश्य बुलाई जानी चाहिए। जबकि सदस्यों का कहना है कि शासनादेश के तहत बोर्ड की बैठक से कम के कम 10 दिन पहले सदस्यों को बोर्ड का एजेंडा भी मिल जाना चाहिए लेकिन बोर्ड की बैठक 31 दिसंबर को बुलाई गई है लेकिन बीडीए ने अब तक सदस्यों को एजेंडा जारी नहीं किया है। इस वजह से सदस्यों को अब तक पता नहीं है कि बैठक के कौन से बिंदु हैं।

ऐसे में बैठक से पहले सदस्यों को संबंधित बिंदु के बारे में कोई जानकारी मिल पाना भी संभव नहीं हो पता है। पहले भी बीडीए बोर्ड की बैठक बुलाए जाने को लेकर इस तरह की दिक्कतें सामने आ चुकी हैं। एजेंडा समय से न मिलने पर कई बार बैठक को भी निरस्त करना पड़ा है।

आचार संहिता को लेकर जल्द कराए गए टेंडर
आचार संहिता लगने के बाद निर्माण के नए काम शुरू नहीं हो सकेंगे। इसको देखते हुए बीडीए के अधिकारी नए निर्माण कार्यों को जल्द शुरू करने को लेकर तेजी दिखा रहे हैं। सोमवार को भी प्राधिकरण के कार्यालय में ईं-टेंडर की प्रक्रिया को पूरा किया गया है। गौरतलब है कि बीडीए इन दिनों शहर की तमाम सड़कों के कामों के साथ रामगंगानगर सहित कई आवासीय योजनाओं के काम भी करा रहा है।

बीडीए बोर्ड की बैठक को लेकर एजेंडा अभी नहीं दिया गया है। कुछ अधिकारियों के अवकाश पर रहने की वजह से ऐसा हुआ है। कोशिश की जा रही है कि मंगलवार को सभी बीडीए सदस्यों को एजेंडा उपलब्ध हो जाए। -योगेश सिंह, सचिव, बरेली विकास प्राधिकरण

संबंधित समाचार