बरेली: पिछले चुनाव में मंडल में हावी रहा नोटा, 168 प्रत्याशियों को हराया
ओमेन्द्र सिंह, बरेली, अमृत विचार। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में अधिकांश प्रत्याशियों से अधिक नोटा को मत प्राप्त हुए। मंडल के चारों जिलो में करीब 47 हजार मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों को नकारते हुए नोटा के हक में वोट किया था। यही वजह रही कि नोटा के सामने एक दो नहीं बल्कि 168 …
ओमेन्द्र सिंह, बरेली, अमृत विचार। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में अधिकांश प्रत्याशियों से अधिक नोटा को मत प्राप्त हुए। मंडल के चारों जिलो में करीब 47 हजार मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों को नकारते हुए नोटा के हक में वोट किया था। यही वजह रही कि नोटा के सामने एक दो नहीं बल्कि 168 उम्मीदवार टिक नहीं सके। बदायूं की सहसवान सीट पर नोटा को सबसे अधिक मत प्राप्त हुए या यूं कहें कि यहां सबसे अधिक मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों को नकार दिया था।
विकास के नाम पर वादे करने वाले नेताओं से जनता परेशान हो गई है। यही वजह है कि हजारों लोगों का भरोसा अब नेताओं से उठता जा रहा है। लोगों का कहना है कि विकास के वादे तो होते हैं लेकिन धरातल पर दिखाई नहीं देते हैं। इस बार भी अधिकांश लोगों का कहना है कि उन लोगों को नेताओं में कोई रुचि नहीं है। वजह पूछने पर बताया कि विकास के नाम पर वोट हासिल करने के बाद नेता जनहित भूलकर अपना हित करने में जुट जाते हैं। यही वजह है कि लोग अब नेताओं को नकारने लगे हैं। बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में नेताओं को 47103 लोगों ने नकार दिया।
कहां कितने लोगों पर हावी रहा नोटा
बरेली जिले में सबसे अधिक बिथरी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं ने विधायक पद के उम्मीदवारों को नकार दिया। बिथरी में 2647 लोगों ने नोटा को वोट किया। यहां 11 उम्मीदवार थे। नोटा चौथे नंबर पर रहा। वहीं बदायूं जिले के सहसवान विधानसभा में मंडल में पहले स्थान पर रहा। सहसवान के 2902 मतदाताओं ने सभी उम्मीदवारों को नकार दिया। सहसवान में 8 प्रत्याशी मैदान में थे। यहां नोटा ने तीसन प्रत्याशियों को हरा दिया। इसी तरह शाहजहांपुर की ददरौल विधानसभा सीट पर 2383 लोगों ने नोटा के पक्ष में मतदान करते हुए छह लोगों को हरा दिया।
कहा किस नंबर पर रहा नोटा
पिछले चुनाव में वर्ष 2017 में बरेली, मीरगंज, नवाबगंज, भोजीपुरा और बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में नोटा पांचवें स्थान पर रहा। जबकि कैंट, आंवला और बिथरी विधानसभा क्षेत्र में चौथे स्थान पर रहा। वहीं फरीदपुर में सबसे निचले पायदान छठवें नंबर पर नोटा रहा। पीलीभीत जिले में पीलीभीत और पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र में चौथे और बरखेड़ा व बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र में पांचवें स्थान पर नोटा रहा। इसी तरह शाहजहांपुर जिले के सदर, ददरौल विधानसभा क्षेत्र में नोटा पांचवें स्थान पर रहा। वहीं पुवायां, कटरा और जलालाबाद में चौथे स्थान पर नोटा रहा। जबकि तिलहर पर छठवें स्थान पर लोगों ने नोटा को पसंद किया।
