अयोध्या: ओवरब्रिज के लोकार्पण की एक और तिथि निकली, टकटकी लगा इंतजार करते रह गए रूदौलीवासी
अयोध्या। जिले के रूदौली में 2017 से बन रहे ओवरब्रिज के लोकार्पण की तिथि एक बार फिर से निकल गई। इस बार 25 दिसंबर को ओवरब्रिज का उद्घाटन होना था। जनता टकटकी लगाए बैठी थी कि अब ओवरब्रिज शुरू होगा और सालों से बंद पड़ा आवागमन पटरी पर लौट आएगा, लेकिन सरकार को यह मंजूर …
अयोध्या। जिले के रूदौली में 2017 से बन रहे ओवरब्रिज के लोकार्पण की तिथि एक बार फिर से निकल गई। इस बार 25 दिसंबर को ओवरब्रिज का उद्घाटन होना था। जनता टकटकी लगाए बैठी थी कि अब ओवरब्रिज शुरू होगा और सालों से बंद पड़ा आवागमन पटरी पर लौट आएगा, लेकिन सरकार को यह मंजूर नहीं था। अब लोग स्थानीय नेता ही नहीं बल्कि सरकार को भी कोस रहे हैं।
फिलहाल सिर पर चुनाव आ गया है और इस तरह से काम को स्थगित करना राजनेताओं के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। अयोध्या जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित रुदौली में रेलवे क्रॉसिंग-143 पर 2017 में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने ओवरब्रिज का शिलान्यास किया था। निर्माण की डेडलाइन 2019 तय की गई थी, लेकिन हुआ कुछ भी नहीं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इसके निर्माण में लगभग 30 से 35 करोड़ रुपये के लगने का अनुमान है। एक माह पहले ही रूदौली विधायक रामचंद्र यादव ने एक बातचीत के दौरान बताया था कि 25 दिसंबर को ओवरब्रिज का लोकार्पण किया जाना है।
विधायक के आश्वासन के बाद लोग टकटकी लगाकर 25 दिसंबर का इंतजार करते रहे और भरोसा था कि चुनाव सिर पर है मोदी और योगी लगातार परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर रहे हैं। हो सकता है कि 25 को इन्हीं में से कोई इस परियोजना की सौगात दे जाए, लेकिन उनके अरमान चकनाचूर हो गए। रूदौली निवासी मधुबन तिवारी, स्नेहिल गुप्ता, परवेज आलम, रामजी वर्मा, लक्ष्मी मिश्रा व गोमती प्रसाद का कहना है कि रूदौली की जनता को ओवरब्रिज से काफी उम्मीदें हैं।
पढ़ें: कानपुर को पीएम मोदी ने दी मेट्रो की सौगात, कहा-पहले की सरकारों ने समय की अहमियत नहीं समझी
ट्रेनों के आवागमन से समय क्रॉसिंग पर घंटों फंसे लोगों को बड़ी दिक्कतें होती थीं। इस दौरान आधा किमी तक का लंबा जाम भी लग जाता था, लेकिन ओवरब्रिज के निर्माण शुरू होने के बाद सारी मुश्किलों का हल निकलता दिख रहा था, लेकिन अब लोकार्पण न होने से दिक्कतें बढ़ती ही जा रही हैं। व्यापारियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
10 किलोमीटर घूमकर रुदौली में कर रहे प्रवेश…
ओवरब्रिज निर्माण के कारण भेलसर-रुदौली मार्ग पर बंद रेलवे फाटक के चलते चार पहिया व तीन पहिया वाहनों को लगभग 10 किलोमीटर घूमकर रुदौली में प्रवेश करना पड़ता है। वैकल्पिक मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से आम जनता को भारी परेशानियों को झेलने पर मजबूर होना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों को झेलनी पड़ती है। रुदौली सहित आसपास के मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्बी दूरी तय करने के बाद पहुंच पाते हैं, इससे मरीजों के साथ-साथ तीमारदारों के भी हाथ पांव फूलने लगते हैं। भेलसर रुदौली मार्ग पर उसके नजदीक ही तहसील ब्लॉक सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय बने हैं। जहां तक पहुंचने में लोगों को भारी परेशानियां का सामना करना पड़ता है।
