हल्द्वानी: आखिर कहां गए 10 रुपए के पोस्टल आर्डर ! विभाग देने से क्यों कर रहा आनाकानी ?
बबीता पटवाल, हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्य डाकघर में दस रुपए मूल्य का पोस्टल ऑर्डर मांगने पर भी नहीं दिया जा रहा है। इसकी जगह लोगों को 100 रुपए मूल्य का पोस्टल ऑर्डर लेने को कहा जा रहा है। विडंबना यह है कि डाकघर के अंदर 10 रुपए का पोस्टल ऑर्डर उपलब्ध है। इस बात की …
बबीता पटवाल, हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्य डाकघर में दस रुपए मूल्य का पोस्टल ऑर्डर मांगने पर भी नहीं दिया जा रहा है। इसकी जगह लोगों को 100 रुपए मूल्य का पोस्टल ऑर्डर लेने को कहा जा रहा है। विडंबना यह है कि डाकघर के अंदर 10 रुपए का पोस्टल ऑर्डर उपलब्ध है। इस बात की शिकायत अमृत विचार को कई बार मिल रही थी और जब मामले की पड़ताल की गयी तो यह सत्य पाया गया।

मुख्य डाकघर में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां 10 रुपए का पोस्टल ऑर्डर होने के बावजूद लोगों को 100 रुपए का पोस्टल ऑर्डर खरीदने को कहा जा रहा है। इस बात की तस्दीक के लिए जब अमृत विचार की टीम ने शहर के तीन डाकघरों की पड़ताल की तो इस मामले की कलई खुल गयी।
परेशानी तो यह है कि जिन कामों में 10 रूपए के पोस्टल ऑर्डर से काम चल सकता है उसके लिए आम आदमी को 100 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं जो कि पूरे 110 रुपए का पड़ता है।
इस मामले में जब मुख्य डाकघर के पोस्ट मास्टर वाईके बमेठा से बात की तो उन्होंने इस मामले को एक सिरे से खारिज कर दिया और बताया कि डाकघर में 10 रुपए का पोस्टल ऑर्डर उपलब्ध हैं। जब उनसे पूछा गया कि आपके कर्मचारी तो मना कर रहे हैं और 10 के बदले 100 रूपए का पोस्टल ऑर्डर ले जाने को कह रहे हैं तो उन्होंने बात से कन्नी काटते हुए जवाब दिया कि हो सकता है कि कोई गलतफहमी हो गयी हो। जबकि वास्तविकता यह है कि डाकघरों में लोगों को मजबूरी में महंगे पोस्टल ऑर्डर खरीदने पड़ रहे हैं।
डाकघर के अंदर 10 रुपए का पोस्टल ऑर्डर है। शायद कोई गलतफहमी हुई होगी जिस वजह से 100 रुपए का पोस्टल ऑर्डर दिया गया। फिर भी मैं मामले को देखूंगा।
– वाईके बमेठा, पोस्ट मास्टर, मुख्य डाकघर, हल्द्वानी
