मुरादाबाद : दहेज उत्पीड़न में सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज लोभी ससुराल वालों ने हेड कांस्टेबल की बेटी का उत्पीड़न किया। बोलेरो की मांग को लेकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। समझौते के बहाने बुलाकर उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट की और रस्सी से गला घोटकर उसकी जान लेने का प्रयास किया। एसएसपी से शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज लोभी ससुराल वालों ने हेड कांस्टेबल की बेटी का उत्पीड़न किया। बोलेरो की मांग को लेकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। समझौते के बहाने बुलाकर उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट की और रस्सी से गला घोटकर उसकी जान लेने का प्रयास किया। एसएसपी से शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की हिमगिरि कालोनी निवासी इंसाफ अली उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। वर्तमान में वह कांठ थाने की पीआरवी में तैनात हैं। इंसाफ अली ने अपनी बेटी गुलफ्शा का निकाह तीन नंवबर 2019 को मेरठ के लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र के नूर गार्डन निवासी शिक्षक शहजाद के साथ किया था।

निकाह के कुछ दिन बाद ही सुसराल वालों कम दहेज के ताने देने शुरू कर दिए। बोलेरो कार के लिए उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने लगे। इनकार करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इतना ही नहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद से वह मायके में रह रही थी। पीड़िता ने बताया कि 20 दिसंबर को ससुराल वालों ने फैसला करने के लिए बहाने धोखे से उसे मेरठ बुलाया था। वह अपने पिता इंसाफ अली और मां जैतून के साथ उसी दिन सुबह करीब नौ बजे अपनी ससुराल पहुंच गई। तौसीफ के मकान पर पंचायत शुरू हुई।

वहां उसका पति शहजाद, ससुर शकील अहमद, सास सरयारा, ननद आसमा, आलिशा, अल्शमा और ननदोई फैसल अपने साथियों के साथ अवैध असलहे लेकर पहले से ही बैठे थे। पंचायत में आरोपियों और फिरासत, शहजाद के मौसा व उसके दोस्त नौशाद ने कहा कि जब तक बोलेरो की मांग पूरी नहीं होगी तब वे उसे अपने घर में नहीं रखेंगे। इस पर उसके माता-पिता ने उनकी बोलेरो की मांग पूरी करने में असमर्थता जताते हुए कहा कि उनकी तीन बेटी और भी हैं, इसलिए वह उनकी मांग पूरी नहीं कर सकते। इस पर आरोपियों ने उसे व उसके माता-पिता पर लात-घूसों और चाकूओं से हमला करके घायल कर दिया। शहजाद ने उसके गले में रस्सी का फंदा डाल दिया और खींचने लगे। अन्य आरोपियों ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए। यह देख उसके माता-पिता ने शोर मचा दिया। तब भीड़ एकत्र होने पर आरोपियों ने उन्हें छोड़ दिया।

गुलफ्शा ने बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ लिसाड़ी गेट थाने भी गई मगर पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर ठीक से उनकी बात भी नहीं सुनी। तब वह अपने पिता के साथ मुरादाबाद आ गई। तभी से आरोपी उसे धमकी दे रहे हैं। एसएचओ सिविल लाइंस आरपी सिंह ने बताया कि पीड़िता के पति, सास व ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल करा दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

संबंधित समाचार