बरेली: कर्मचारियों की वार्ता विफल, 4 से तालाबंदी की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों की मंगलवार को बरेली कॉलेज के प्राचार्य डा. अनुराग मोहन के साथ हुई वार्ता विफल हो गई। अब कर्मचारी 3 जनवरी से फिर से कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वह 4 जनवरी से कॉलेज में …

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों की मंगलवार को बरेली कॉलेज के प्राचार्य डा. अनुराग मोहन के साथ हुई वार्ता विफल हो गई। अब कर्मचारी 3 जनवरी से फिर से कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वह 4 जनवरी से कॉलेज में तालाबंदी करेंगे। कर्मचारियों की चीफ प्रॉक्टर के कार्यालय में प्राचार्य व अन्य शिक्षकों की मौजूदगी में करीब दो घंटे वार्ता चली। इस दौरान शिक्षकों व कर्मचारियों में काफी बहस भी हुई। वहीं इस मामले में प्राचार्य व शिक्षकों का कहना है कि छात्रों का अहित नहीं होने दिया जाएगा। यदि परीक्षाओं में दिक्कत आई तो एक्शन लिया जाएगा।

कर्मचारी कल्याण सेवा समिति बरेली कॉलेज के बैनर तले अस्थायी कर्मचारी लंबे समय से आंदोलित हैं। कर्मचारी 16 दिसंबर से कार्य बहिष्कार पर हैं। मंगलवार को कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया था। समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में शीतकालीन अवकाश के बावजूद पांच कर्मचारियों का शिष्टमंडल चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में पहुंचा।

यहां पर प्राचार्य डॉ अनुराग मोहन के साथ बरेली कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. आलोक खरे, सचिब डॉ वीपी सिंह, डॉ राजेन्द्र सिंह, डॉ वीनम सक्सेना, डॉ एपी सिंह व डॉ स्वदेश सिंह पहले से ही मौजूद थे। प्राचार्य और इन शिक्षकों का यही कहना था कि हड़ताल का कोई समाधान नहीं है। प्राचार्य ने कर्मचारियों से कॉलेज हित में हड़ताल खत्म करने को कहा। अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि कॉलेज हित हम भी चाहते हैं तभी तो एक वर्ष से लगभग लंच समय में ही आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि न तो हमसे जिला प्रशासन और न ही प्रबंधन बात करने आया।

सचिव हरीश मौर्य ने बताया कि अब सभी 3 जनवरी को भी हड़ताल पर रहेंगे। यदि जिला प्रशासन कोई समाधान करेगा तो हम कर्मचारी 4 जनवरी को तालाबंदी करने का निर्णय वापस लेकर काम पर लौट सकते हैं। अन्यथा तालाबंदी को मजबूर होंगे। प्राचार्य से वार्ता में कुलदीप कर्मयोगी, सुनील कुमार, चन्द्र प्रकाश अग्निहोत्री, गंगा प्रसाद शामिल रहे।

संबंधित समाचार