बरेली: अल्पसंख्यक विभाग में रिश्वत लेते कंप्यूटर आपरेटर का वीडियो वॉयरल
बरेली, अमृत विचार। विकास भवन के जिला अल्पसंख्यक विभाग में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ है। मामला संज्ञान में आने पर सीडीओ ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं विभागीय अधिकारी ने संबंधित ऑपरेटर का स्पष्टीकरण तलब कर लिया है। वायरल वीडियो पिछले सप्ताह का बताया जा रहा है। एक …
बरेली, अमृत विचार। विकास भवन के जिला अल्पसंख्यक विभाग में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ है। मामला संज्ञान में आने पर सीडीओ ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं विभागीय अधिकारी ने संबंधित ऑपरेटर का स्पष्टीकरण तलब कर लिया है।
वायरल वीडियो पिछले सप्ताह का बताया जा रहा है। एक मदरसा संचालक ने सीडीओ को दिए शिकायती पत्र में कहा कि वह पिछले सप्ताह विकास भवन में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में छात्रों की स्कालरशिप के आवेदन जमा करने गये थे। कार्यालय में तैनात कंप्यूटर आपरेटर ने प्रति छात्र 10 रुपये की दर से 500 रुपये की मांग की। रिश्वत नहीं देने पर फार्म जमा करने से इंकार कर दिया। उन्होंने प्रत्येक मदरसा संचालक से इस तरह से वसूली किए जाने की बात कही।
यह भी आरोप लगाया कि कंप्यूटर आपरेटर का कहना था कि वसूली की धनराशि का कुछ हिस्सा अधिकारियों को देना होता है। इसकी पुष्टि के लिए मदरसा प्रबंधक ने आपरेटर की गोपनीय तरीके से 19 सेकेंड की वीडियो बना ली। जिसमें रुपये जेब में रखते हुए आपरेटर की चेहरा स्पष्ट आ रहा है।
बुधवार को मामला विकास भवन में सीडीओ कार्यालय के पहुंचने पर सुर्खियों में छा गया। जिसके बाद प्रकरण को लेकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। इधर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी योगेश पांडेय का कहना है कि वायरल वीडियो को लेकर कंप्यूटर आपरेटर से पूछा गया लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उसका स्पष्टीकरण मांगा है।
वायरल वीडियो संज्ञान में आने पर तत्काल ही जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को कार्यालय बुलाकर इसकी जानकारी की गई। किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी विकास भवन में नहीं होने दी जाएगी। इस प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में वसूली का मामला अगर ठीक मिला तो संबंधित की सेवाएं समाप्त की जाएगी। -चंद्रमोहन गर्ग, सीडीओ
