रामपुर: आजम खां की ‘हनक’ पर चला प्रशासन का हथौड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। प्रशासन ने शहर में स्टार चौराहे से लेकर गांधी समाधि के बीच बने डिवाइडर पर हथौड़ा चलाकर दो जगह नये कट बना दिए गए। पहला कट सेंट मैरी स्कूल के सामने बना है तो दूसरा कट सर्किट हाउस के सामने बनाया गया है। बता दें शहर के डिवाइडर सपा के कद्दावर नेता …

रामपुर, अमृत विचार। प्रशासन ने शहर में स्टार चौराहे से लेकर गांधी समाधि के बीच बने डिवाइडर पर हथौड़ा चलाकर दो जगह नये कट बना दिए गए। पहला कट सेंट मैरी स्कूल के सामने बना है तो दूसरा कट सर्किट हाउस के सामने बनाया गया है। बता दें शहर के डिवाइडर सपा के कद्दावर नेता आजम के मंत्रित्वकाल में उनकी हनक के रूप में पहचाने जाते रहे हैं। क्योंकि आजम खां मंत्री रहते डिवाइडर बनवाने के बाद शहर के लोगों को रांग साइ़ड चलने पर खुद काफिला रोककर हिदायतें देते रहते थे। उनके रुख से लोगों ने रांग साइड चलना बंद कर दिया था। डिवाइडर तोड़कर दो कट बनाए जाने पर शहर विधायक डा. तजीन फात्मा ने कड़ी आपत्ति जताई है और जिलाधिकारी को पत्र भी लिखा है।

शहर में सपा शासन के दौरान तत्कालीन कैबिनेट मंत्री आजम खां ने कई स्थानों पर सड़कों का चौड़ीकरण कराया था और बीच में डिवाइडर बनवाए थे। राधा रोड मोड़ से शाहबाद गेट तक की सड़क हो या फिर आंबेडकर पार्क के सामने से गांधी समाधि तक फिर गांधी समाधि से एकता तिराहा पुलिस चौकी तक और यहां से स्वार रोड मंडी चौराहे तक डिवाइडर बनाए गए। इसी तरह उर्दू गेट से लेकर तहसील चौक और जेल रोड पर भी डिवाइडर बनाए गए थे। लेकिन इन डिवाडरों पर कट लंबी दूरी के बनाए गए थे। मकसद यह था ताकि हादसे न हों और लोग सड़कों पर सुरक्षित चलें। इस बीच सपा सरकार में आजम खां जब कैबिनेट मंत्री थे तो उन्होंने प्रमुख सड़कों पर बनाए गए डिवाइडरों के बाद भी रांग साइड चलने वालों को रोक रोककर हिदायतें दी थीं।

उन्होंने रांग साइड नहीं चलने की भी नसीहतें दी थीं। लोगों की मांग पर भी उन्होंने डिवाइडरों के बीचअधिक कट नहीं बनने दिए। कई स्थानों पर 500 मीटर से कम दूरी पर भी डिवाइडर में कट नहीं बनाए गए, जिससे लोगों को अपनी दुकान या घर जाने के लिए अपने वाहन से अधिक दूरी तय करके पहुंचना होता था। आजम खां की सख्ती की वजह से प्रशासन ने किसी की बात नहीं सुनी थी। अब आजम खां जेल में हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में प्रशासन ने स्टार चौराहे से गांधी समाधि के बीच 500 मीटर के डिवाइडर को काटकर सेंट मैरी स्कूल और सर्किट हाउस के सामने दो स्थानों पर कट बना दिए हैं।

स्कूल के सामने कट बच्चों को छुट्टी के समय दिक्कत होने की वजह से बनाया गया है। जबकि सर्किट हाउस पर वीआईपी के आने की वजह से बनाया जाना बताया है। डिवाइडर काटकर कट बनाने पर आजम खां की पत्नी शहर विधायक डा. तजीन फात्मा ने कड़ी आपत्ति जताई है। जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कहा है कि इससे हादसे बढ़ेंगे, कट बनाना जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है।

कम चौड़ी सड़कों पर भी बनाए डिवाइडर
चाहे हाथी खाना चौराहा से हामिद इंटर कालेज के सामने होते हुए, बाजार अब्दुल्लागंज तक की पतली सड़क हो या फिर थाना पाकड़ के पास हाफिज साहब के मजार को जाने वाले रास्ते के मोड़ तक और फिर बिलासपुर गेट से जनरल अजीमुद्दीन खां के मकबरे के सामने होते हुए हाफिज साहब की दरगाह के पास तक की कमचौड़ी सड़कें हों, डिवाइडर बनने से लोगों बहुत दिक्कतें रहीं। इसमें भी डिवाइडर में कट नहीं होने से ज्यादा परेशानी थी।

रेलवे स्टेशन के सामने जरूरत है डिवाइडर की
शहर के संकरे रास्तों पर जहां डिवाइडर बना दिए गए हैं वहीं रेलवे स्टेशन के सामने हाइवे पर डिवाइडर होना वक्त की सबसे ज्यादा जरूरत है। लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से रेलवे स्टेशन के सामने डिवाइडर बनाने की कोई कवायद शुरू नहीं की गई है। हालांकि यातायात पुलिस की ओर से रेलवे स्टेशन के सामने डिवाइडर बनाकर जाम की समस्या के समाधान के लिए प्रस्ताव शासन-प्रशासन को भेजा भी जा चुका है।

डिवाइडर तोड़ा जाना गलत : डा. तजीन फात्मा
शहर विधायक डा. तजीन फात्मा ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि मेरे संज्ञान में आया है कि मोहम्मद अली जौहर रोड पर डिवाइडर को दोनों ओर से काटकर उनमें रास्ते बनाए हैं। पता होना चाहिए कि मोहम्मद अली जौहर रोड और शौकल अली रोड के निर्माण के साथ डिवाइडर का निर्माण जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए बनवाया गया था।

इन सड़कों पर भारी व हल्के वाहन निरंतर निकलते हैं। ट्रैफिक व्यवस्था की सभी मान्यताओं को ध्यान में रखकर इन्हें बनवाया गया। ताकि को अप्रिय घटना न हो। इन सड़कों पर डिवाइडर काटकर रास्ते बनवाना जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। यह अति गंभीर मामला है। उन्होंने गांधी समाधि के चारों तरफ फुटपाथ के टूटकर बिखरने पर आपत्ति जताई है और तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।

सेंट मैरी स्कूल की प्रधानाचार्य ने स्कूल के सामने छात्राओं की दिक्कत को देखते हुए कट बनाने की मांग एएसपी से की थी, मुख्य विकास अधिकारी ने भी उनका पत्र हमें भेजा इसी आधार पर कट बनाया गया है। दूसरा कट सर्किट हाउस के निर्माण के बाद उसमें आने वाले वीआईपी की वजह से बनाया गया है। -संजीव वर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि

संबंधित समाचार