बरेली: मोदी की सुरक्षा को फिर मुंबई-बेंगलुरू की उड़ानें निरस्त
बरेली, अमृत विचार। 30 दिसंबर को बेंगलुरू और मुंबई आने-जाने वाले बरेली, मुरादाबाद मंडल के साथ ही उत्तराखंड के यात्रियों को फिर झटका लगा है। हल्द्वानी जाने के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 30 को त्रिशूल एयरफोर्स में चेंजओवर है। उनके दिल्ली से बरेली आने, हल्द्वानी जाने, बरेली से दिल्ली जाने के समय …
बरेली, अमृत विचार। 30 दिसंबर को बेंगलुरू और मुंबई आने-जाने वाले बरेली, मुरादाबाद मंडल के साथ ही उत्तराखंड के यात्रियों को फिर झटका लगा है। हल्द्वानी जाने के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 30 को त्रिशूल एयरफोर्स में चेंजओवर है। उनके दिल्ली से बरेली आने, हल्द्वानी जाने, बरेली से दिल्ली जाने के समय के आसपास ही मुंबई और बेंगलुरू की उड़ानों का समय है।
सुरक्षा कारणों की वजह से इंडिगो ने दोनों शहरों की चारों उड़ानें निरस्त कर दीं। मैसेज के जरिए यात्रियों को सूचना दी गई है। उड़ानें निरस्त रखने के संबंध में इंडिगो का पत्र बरेली एयरपोर्ट प्रशासन के पास भी पहुंच चुका है। मोदी के आने की वजह से एयरपोर्ट में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बुधवार को एयरफोर्स और एयरपोर्ट के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बनाने को लेकर बैठक की।
18 दिसंबर को नरेंद्र मोदी ने शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी थी। उस दिन भी मोदी के त्रिशूल एयरफोर्स में चेंजओवर की वजह से मुंबई और बेंगलुरू जाने एवं मुंबई और बेंगलुरू से बरेली आने वाली फ्लाइटें निरस्त रखी गईं थीं। उस दिन पहली बार ऐसा हुआ कि बरेली से उड़ानें निरस्त रहीं। इस वजह से यात्री जरूरी काम से भी नहीं जा सके थे। दूसरी बार ऐसी स्थिति है कि 30 दिसंबर को उड़ानें निरस्त की गई हैं।
पीएम की सुरक्षा एक कारण तो है ही लेकिन फ्लाइटों के निरस्त होने के पीछे का सबसे बड़ा कारण फ्लाइटों के एयरफोर्स के रन-वे से ही उड़ान भरना है। बरेली एयरपोर्ट के पास रन-वे नहीं है, इसलिए बरेली-दिल्ली के लिए उड़ान भरने के दौरान एलाइंस एयर का एटीआर-72 और इंडिगो की 180 सीटर एयरबस एयरफोर्स के रन-वे से ही उड़ान भरती हैं। हालांकि, एलाइंस एयर की ओर से अभी तक बरेली-दिल्ली की उड़ानें निरस्त रखने के संबंध में कोई पत्र बरेली एयरपोर्ट प्रशासन के पास नहीं पहुंचा है।
एलाइंस एयर एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी है इसलिए माना जा रहा है कि बरेली-दिल्ली की उड़ानें निरस्त नहीं की गई हैं लेकिन नरेंद्र मोदी के दिल्ली से एयरफोर्स आने की टाइमिंग और बरेली से एलाइंस एयर के एटीआर की उड़ान भरने का समय लगभग एक ही है। ऐसे में यह भी चर्चा है कि दिल्ली से फ्लाइट आने के बाद प्रधानमंत्री के हल्द्वानी जाने के बाद एटीआर उड़ान भर सकता है।
30 दिसंबर को मोदी के बरेली में चेंजओवर का समय
11:10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से वायुयान से उड़कर त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन में 11:55 बजे पहुंचेंगे।
– 12 बजे एयरफोर्स से मोदी हेलीकाप्टर से हल्द्वानी में हैलीपैड के लिए उड़ेंगे।
– 2:25 बजे हल्द्वानी से उड़ेंगे और 3:05 बजे एयरफोर्स पहुंचेंगे।
– 3:10 बजे एयरफोर्स से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए उड़ेंगे।
मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट का समय
9:50 बजे मुंबई से उड़ान भरकर 12:15 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचने का समय।
– 1:15 बजे एयरफोर्स के रन-वे से मुंबई के लिए फ्लाइट की उड़ान।
– 11:10 बजे बेंगलुरू से उड़ान भरकर 2 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचने का समय
– 3 बजे एयरफोर्स के रन-वे से बेंगलुरू के लिए उड़ान।
इंडिगो की ओर से मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइटों के निरस्त रखने के संबंध में पत्र एयरपोर्ट पहुंच गया है। एलाइंस एयर की बरेली-दिल्ली की उड़ान निरस्त रहने को लेकर कोई जानकारी नहीं है। अभी तक एलाइंस एयर का कोई पत्र नहीं मिला है। 31 दिसंबर को रेगुलर फ्लाइटों का संचालन रहेगा। -आरएस कनोज, प्रभारी निदेशक बरेली एयरपोर्ट
एयरफोर्स के आसपास कबूतरों की उड़ान पर भी रोक
शहर में कबूतरबाजी के भी सैकड़ों शौकीन हैं। हार-जीत के लिए सैकड़ों कबूतरों को उड़ाया जाता है लेकिन 30 दिसंबर को नरेंद्र मोदी के चेंजओवर को लेकर एयफोर्स के आसपास कबूतरों के उड़ान भरने पर रोक लगा दी गई है। कबूतरों के उड़ान भरने के चलते कहीं कोई हादसा न हो, इसलिए कबूतरों की उड़ान पर रोक लगाई गई है।
शहर में 200 से अधिक कबूतरबाज हैं। जिन्होंने 11 हजार से अधिक कबूतर पाले हैं। यहां के कबूतरों की देशभर में मांग बताई जाती है। कबूतर उड़ाने की प्रतियोगिता कराई जाती है। इनाम के तौर पर लाखों की रकम दी जाती हैं। इसके लिए कबूतरों को ट्रेंड किया जाता है। एयरफोर्स में प्लेन और हैलीकाप्टर उतरते हैं। इसके चलते हादसे होने की आशंका बनी रहती है।
एडीएम सिटी ओवरआल वीवीआई कार्यक्रम के प्रभारी बनाए
प्रधानमंत्री के चेंजओवर को लेकर एयरफोर्स में वीआईपी लाउंज और आकस्मिक हास्पिटल तैयार किया गया है। वीआईपी लाउंज में डीएम के साथ नगर आयुक्त अभिषेक आनंद की ड्यूटी रहेगी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह वीआईपी लाउंज के बाहर सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे। गरुड़ लॉज को सेफ हाउस बनाया है।
एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र की ड्यूटी लगाई गई है। एयरफोर्स के पीलीभीत रोड वाले गेट पर उप जिलाधिकारी मीरगंज वेदप्रकाश मिश्रा तैनात रहकर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों को जारी पास के आधार पर प्रवेश दिलाएंगे। अपर नगर आयुक्त प्रथम सुनील कुमार यादव की ड्यूटी गरुड़ लॉज में जहां पर जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी कार्यक्रम के ओवरआल इंचार्ज एडीएम सिटी डा. आरडी पांडेय को बनाया गया है। नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय भ्रमण के दौरान उपस्थित रहते हुए समुचित व्यवस्थाएं देखेंगे।
प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से जाने की भी संभावना, लगाई ड्यूटियां
प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से एयरफोर्स से हल्द्वानी जाने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि ऐसी स्थिति मौसम खराब होने के बाद ही होगी लेकिन बुधवार के मौसम को देखते हुए नहीं लग रहा है कि मौसम खराब हो सकता है। ऐतिहातन, एयरफोर्स से लेकर पुलभट्टा (उत्तराखंड सीमा) तक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
वैकल्पिक मार्ग ड्यूटी में एसडीएम नवाबगंज राजेश चंद्र जोन प्रथम एयरफोर्स से भोजीपुरा थाना सीमा तक, एसडीएम राजीव शुक्ला भोजीपुरा से बहेड़ी थाने की अंतिम सीमा तक सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी बनाए गए हैं। हवाई अड्डा के पश्चिमी गेट से भोजीपुरा तक अपर मुख्य अधिकारी उपेंद्र कुमार, भोजीपुरा से देवरनियां तक जिला गन्ना अधिकारी प्रभु नारायन सिंह और देवरनियां से बहेड़ी तक भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे। तहसीलदार बहेड़ी राम नयन सिंह की ड्यूटी पुलभट्टा पर लगायी गयी है।
योगी आ सकते हैं मोदी का स्वागत करने
एयरफोर्स में मोदी का स्वागत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की चर्चा है। 30 को योगी का पीलीभीत में कार्यक्रम है, इसलिए उनके आने की प्रबल संभावना है। वहीं सांसद संतोष गंगवार, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक डा. अरुण कुमार समेत सभी विधायक, मेयर के अलावा संजीव अग्रवाल, दुर्विजय सिंह शाक्य, हर्षवर्धन आर्य, दीपक सोनकर, पंकज गुप्ता, डा. पंकज गंगवार, डा. नरेंद्र गंगवार, चौधरी सम्राट सिंह, नेमचंद्र मौर्य, हरवेंद्र यादव, रेखा वास्तव, नानक राम सागर, चंद्रपाल आर्य, अमिताभ सिंह, आदर्श शुक्ला, रामासरे कश्यप, सूर्यकांत मौर्य, ऊषा सतीजा, राज अग्रवाल, शीतल गुलाटी, अंकित माहेश्वरी, विमल भारद्वाज के नाम मोदी के स्वागत और विदाई देने के कार्यक्रम के लिए पीएमओ भेजे गए हैं।
