लखनऊ: नगर निगम ने 19.48 अरब का पुनरीक्षित बजट किया पास
लखनऊ। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 19.48 अरब का पुनरीक्षित बजट पास कर दिया है। इसमें शहर के विकास कार्यों के लिए कोई नया खर्च नहीं बढ़ाया गया है। महापौर संयुक्ता भाटिया की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार सभागार में कार्यकारिणी समिति की बैठक में बजट पर मुहर …
लखनऊ। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 19.48 अरब का पुनरीक्षित बजट पास कर दिया है। इसमें शहर के विकास कार्यों के लिए कोई नया खर्च नहीं बढ़ाया गया है। महापौर संयुक्ता भाटिया की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार सभागार में कार्यकारिणी समिति की बैठक में बजट पर मुहर लगी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत महिला बाजार में 17.45 करोड़ रुपये के बजट से 125 दुकानें और पार्किंग बनायी जाएगी। बाजार में महिलाओं को ही दुकानें आवंटित होंगी और महिलाओं से संबंधित सामान ही बेचा जाएगा। कोई भूखा न रहे इसलिए 10 रुपये में जरूरतमंद लोगों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराने के लिए 50 लाख रुपये की बजट में व्यवस्था की गयी है। योजना के तहत राजधानी के प्रमुख स्थलों जहां गरीब और जरूरतमंद रहते हैं उनको भरपेट भोजन का थाल महापौर अनुसूईया रसोई से 10 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।
151 फिट ऊंची लगेगी लक्ष्मण की मूर्ति
राजधानी में भगवान लक्ष्मण की 151 फीट ऊंची मूर्ति लगेगी। प्रारंभिक कार्यों के लिए नगर निगम कार्यकारिणी ने बजट में 1.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। महापौर ने बताया कि लखनऊ को बसाने वाले आराध्य भगवान लक्ष्मण की मूर्ति स्थापित कर आने वाली पीढ़ी सहित सर्वजन को लखनपुरी के प्राचीन इतिहास से परिचित कराया जायेगा।
साहबजादे पार्क के लिए 20 लाख बजट
नगर निगम कार्यकारिणी ने गुरू गोविन्द सिंह के चार साहबजादों की शहादत को सम्मान देते हुए आलमबाग में ‘साहबजादे पार्क’ बनाने के लिए 20 लाख रुपये का बजट पास कर दिया। महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि साहिबजादे पार्क बनाना हमारे लिए गर्व का विषय है और धर्म की रक्षा के लिए चार दहाबजादों एवं माता गुजरी की शहादत को समर्पित है।
पार्षद भी वार्ड में लगवा सकेंगे लाइटें
नगर निगम के पार्षद भी अपने वार्ड में 40 लाइटें लगवा सकेंगे। इसके लिए पुनरीक्षित बजट में पांच करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है। जिससे नगर निगम खुद लाइटें खरीदेगा। पोल से लाइटें चोरी होने पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए ईईएसएल को लाइटों का भुगतान रोकने का निर्देश दिया था।
नगर निगम गृहकर के साथ वसूलेगा यूजर चार्ज
इकोग्रीन कंपनी द्वारा भवन स्वामियों से यूजर चार्ज लेकर नगर निगम कोष में धनराशि जमा न करने का मामला संज्ञान में आने के बाद नगर निगम खुद गृहकर के साथ यूजर चार्ज वसूलेगा। नगर निगम कार्यकारिणी समिति ने इसके लिए कमेटी बनाकर प्रस्ताव बनाने के लिए महापौर को अधिकृत किया है। कमेटी महापौर को रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। प्रस्ताव लागू होने के बाद इकोग्रीन यूजर चार्ज नहीं वसूलेगा।
इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
नगर निगम कैंट विधानसभा में पूर्व विधायक सतीश भाटिया की मूर्ति लगाने के साथ मार्ग का नामकरण करेगा। ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के लिए जमीन शासन को उपलब्ध कराने का प्रस्ताव समिति बनाकर किया जाएगा। ग्राम उत्तरधौना में पुलिस थाना बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराएगा। सरोजनी नगर के ग्राम अरदौनामउ परगना में ग्राम समाज की भूमि को ग्रीन कॉरिडोर के लिए निःशुल्क देगा। भाऊराव देवरस सेवा न्यास भवन के किराए में संशोधन का प्रस्ताव पास। रहमानपुर के ग्राम गनेशपुर में होम्योपैथिक चिकित्सालय व योग वेलनेस सेन्टर में निर्माण के लिए भूमि शासन को उपलब्ध कराएगा।
बालाकदर के चाइना बाजार गेट पर भवन संख्या चार को सामाजिक कार्यों के लिए यूथ इंटेग्रेटेड डेवलपमेन्ट सोसाइटी को किराए पर आवंटित किया जाएगा। अमीनाबाद के घण्टाघर पार्क स्थित महादेव मंदिर ट्रस्ट को 1910 में म्युनिसिपल बोर्ड द्वारा आवंटित भूमि का आवंटन निरस्त करने के प्रस्ताव को कार्यकारिणी समिति ने पास किया।
पढ़ें- लखनऊ: उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने की प्रेस वार्ता
