मुरादाबाद : सड़क हादसे में बुझ गया सेवानिवृत्त शिक्षक के घर का चिराग
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थानाक्षेत्र में बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में बीएड के छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना को अंजाम देने वाले मालवाहक टेंपो को जब्त कर लिया है। कुंदरकी थानाक्षेत्र के गांव हरियाना निवासी व सेवानिवृत्त शिक्षक रवि प्रकाश दिवाकर का 26 वर्षीय …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थानाक्षेत्र में बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में बीएड के छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना को अंजाम देने वाले मालवाहक टेंपो को जब्त कर लिया है। कुंदरकी थानाक्षेत्र के गांव हरियाना निवासी व सेवानिवृत्त शिक्षक रवि प्रकाश दिवाकर का 26 वर्षीय इकलौता बेटा रघुराज मुरादाबाद में बीएड की पढ़ाई करता था।
वह अक्सर बुद्धि विहार स्थित अपने मकान में रुक जाता था। बुधवार देर शाम वह बुद्धि विहार स्थित घर जा रहा था। मझोला थाने के सामने गलत दिशा से आ रहे मालवाहक टेंपो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें रघुराज गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे काशीराम नगर की गौतम बुद्ध कॉलोनी निवासी रामकिशोर दिवाकर ने घायल को आरआर हेल्थ केयर सेंटर पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने रघुराज को मृत घोषित कर दिया। रघुराज के ममेरे भाई बदायूं जनपद के बिसौली थानाक्षेत्र के गांव पिंदारा निवासी धर्मदत्त ने बताया कि इकलौते बेटे की मौत से रवि प्रकाश, उनकी पत्नी और तीनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। रवि प्रकाश ने बड़ी बेटी अलका की शादी कर दी है, जबकि दो बेटियां अविवाहित हैं। बच्चों में रघुराज दूसरे नंबर का था। इंस्पेक्टर मझोला धनंजय सिंह ने बताया कि गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
