मुरादाबाद में दो बुजुर्ग समेत 10 नये कोरोना संक्रमित मिले, एक्टिव केस की संख्या 42 हुई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। नये साल के पहले दिन कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ गया। 81 वर्षीय दो बुजुर्गों समेत 10 और मरीज मिले हैं। इन्हें मिलाकर नौ दिनों में जिले में कोरोना के सक्रिय रोगी 42 हो गए हैं। सभी होम आइसोलेट हैं। सर्वाधिक रोगी रामगंगा विहार कॉलोनी के निवासी हैं। इस कॉलोनी में हर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। नये साल के पहले दिन कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ गया। 81 वर्षीय दो बुजुर्गों समेत 10 और मरीज मिले हैं। इन्हें मिलाकर नौ दिनों में जिले में कोरोना के सक्रिय रोगी 42 हो गए हैं। सभी होम आइसोलेट हैं। सर्वाधिक रोगी रामगंगा विहार कॉलोनी के निवासी हैं। इस कॉलोनी में हर दिन नये मरीज मिल रहे हैं। फिर भी प्रशासन स्वास्थ्य विभाग की सलाह पर कॉलोनी को कंटेनमेंट जोन नहीं बना रहा है।

एक जनवरी को जो नये मरीज मिले हैं, उनमें रामगंगा विहार कॉलोनी के 42 और 46 वर्षीय और 14 वर्षीय मरीज हैं। अब कॉलोनी में कोरोना रोगी 14 हो गए हैं, लेकिन यहां प्रशासन की सख्ती नहीं दिख रही है। पीएमएस स्कूल के करीब सिविल लाइंस निवासी 81 वर्षीय बुजुर्ग, कांठ रोड स्थित पैसिफिक के पास का 10 साल का बच्चा व मिलन विहार की 48 व कुमार कुंज जीएमडी रोड की 81 साल की महिला है। 31 दिसंबर को भी शहर में आठ मरीज मिले थे।

शुक्रवार को मिले मरीजों में रामगंगा विहार कॉलोनी का 25 वर्षीय युवक, सदर ब्लॉक क्षेत्र का 53 वर्षीय व्यक्ति, पैसिफिक स्टार होम, कांठ रोड निवासी 32 वर्षीय व सिविल लाइंस की 28 वर्षीय युवती हैं। आईडीएसपी के जिला डेटा मैनेजर अंकित शर्मा ने बताया कि सभी को होम आइसोलेट कराया गया है। उनके संपर्क में आने वालों की भी जांच होगी।

विदेश से लौटे 29 और यात्री, कुल संख्या 1265
जिले में विदेश से लौटने वालों का क्रम तेज हो गया है। शनिवार को आई नई सूची में विदेश से 29 यात्री लौटे। इन्हें मिलाकर ओमिक्रान की दस्तक के बाद जिले में विदेश से लौटने वालों की संख्या 1265 पहुंच गई। इसमें 100 से अधिक संपर्क से दूर हैं। यह यात्री दक्षिण अफ्रीका, कुवैत, सूडान, वर्मा, जर्मनी, सऊदी अरब, सूरीनाम, स्वीडन, यूके, जकार्ता, बैंकाक, आबूधाबी से आए हैं। इनसे संपर्क करने में स्वास्थ्य टीमें जुट गईं हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना मरीजों की जीनोम सिक्वेंसिंग जांच प्राइवेट लैब से सीधे लखनऊ के किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के माइक्रोबायोलॉजी लैब भेजी जानी है। वहां से रिपोर्ट मिलने पर लैब संचालक मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को देंगे। अभी किसी में ओमिक्रान के लक्षण मिलने की रिपोर्ट नहीं आई है। अधिकारी ने कहा कि लोगों से बार-बार मास्क लगाने, दो गज की दूरी बनाकर रहने की अपील की जा रही है। प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। फिर भी लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं।

सार्वजनिक आयोजनों में लोग नहीं कर रहे कोविड नियमों का पालन
जिले में नौ दिनों में जिस तेजी से कोरोना संक्रमण बढ़ा है, इसके पीछे लोगों की लापरवाही भी वजह बन रही है। हर दिन नये मरीजों के मिलने के बाद भी न तो सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने वालों की संख्या अधिक है और सामूहिक आयोजनों में सतर्कता बरती जा रही है। नव वर्ष के जश्न की पार्टियों में कोरोना नियम तार-तार हो रहे हैं। लोग कोरोना से बेखौफ जश्न मनाने में लगे हैं। राजनीतिक सभाओं की भीड़ कोविड को आमंत्रित कर रही है। चिकित्साधिकारियों की अपील लोगों पर बेअसर साबित हो रही है। इसका नतीजा इन दिनों तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण है। महज नौ दिनों में 39 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने से चिकित्साधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।

 

 

संबंधित समाचार