मुरादाबाद : भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष सहित 241 ने छोड़ी पार्टी
मुरादाबाद, अमृत विचार। रामपुर के रठौड़ा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे थे। इधर, युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष सहित 241 कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ दी। पुलिस की पिटाई से दुखी कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर त्यागपत्र वायरल कर दिया। महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे और संगठन के सदस्य निखिल यादव के बीच …
मुरादाबाद, अमृत विचार। रामपुर के रठौड़ा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे थे। इधर, युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष सहित 241 कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ दी। पुलिस की पिटाई से दुखी कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर त्यागपत्र वायरल कर दिया।
महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे और संगठन के सदस्य निखिल यादव के बीच रात में बहस-बाजी हो गई थी। बाद में आई मझोला थाना की पुलिस ने महानगर अध्यक्ष सहित तीन कार्यकर्ताओं को मारपीट कर गाड़ी में बैठा लिया था। इस मामले में शहर विधायक रितेश गुप्ता ने मामले में हस्तक्षेप किया था। सूत्रों का कहना है कि इस प्रकरण में संगठन के दोफाड़ होने से कार्यकर्ताओं में गुस्सा आ गया। इस प्रकरण में लाकड़ी फाजलपुर चौकी इंचार्ज बालेंद्र कुमार यादव और कांस्टेबल सचिन कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने पर कार्यकर्ता नाराज हो गए।
दोपहर बाद गुस्साए कार्यकर्ता बुद्धि विहार स्थित पार्टी कार्यालय पहुंच गए और कार्यालय के बाहर हंगामा किया। इस बीच महानगर अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर संगठन छोड़ने की घोषणा कर दी। अभिषेक चौबे का कहना है कि पुलिस की पिटाई से महामंत्री अभिषेक राठौर के बांह की हड्डी टूट गई है। घटना के दौरान पुलिस में उसका मोबाइल छीन लिया। कार्यकर्ताओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जबकि पुलिस वालों की डाक्टरी नहीं कराई गई।
मामले में सामान्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ है। जिसमें उपनिरीक्षक और कांस्टेबल का कहीं जिक्र तक नहीं है। ऐसे में अपमान सहकर संगठन में काम करना हमें मंजूर नहीं। इसलिए मेरे साथ सभी मंडल के पदाधिकारियों ने त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने बताया कि 241 कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से त्यागपत्र दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान का कहना है कि इस प्रकरण की विस्तार से मुझे जानकारी नहीं है। लेकिन, मैंने एसएसपी से बात की थी। आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। बाकी मामले की छानबीन कराई जा रही है। उन्होंने त्यागपत्र के संबंध में किसी भी जानकारी से अनभिज्ञता व्यक्त की। भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्र और युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अरुण पंडित ने बार-बार प्रयास के बाद भी फोन नहीं रिसीव किया।
