हल्द्वानी: विजय संकल्प यात्रा से लौट रहे दो भाजपा नेताओं की सड़क हादसे में मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। नए साल के पहले दिन कालाढूंगी से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कालाढूंगी क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो भाजपा नेताओं की मौत हो गई। कार सवार दोनों नेता भाजपा की विजय संकल्प यात्रा से लौट रहे थे। टक्कर कार और रोडवेज बस के बीच हुई। हादसे …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नए साल के पहले दिन कालाढूंगी से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कालाढूंगी क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो भाजपा नेताओं की मौत हो गई। कार सवार दोनों नेता भाजपा की विजय संकल्प यात्रा से लौट रहे थे। टक्कर कार और रोडवेज बस के बीच हुई। हादसे में तीन अन्य घायल भी हुए हैं।
घटना कालाढूंगी-रामनगर मार्ग में कमोला मिलिट्री गेट के पास हुई। बैलपड़ाव से विजय संकल्प यात्रा के बाद घर लौट रहे कोटाबाग भाजपा मंडल महामंत्री जगदीश गुर्रो(40) व मंडल मंत्री सुमित चौहान(35) निवासी कमोला जैसे ही अपने घर के नजदीक पहुंचे ही थे तभी सामने से आ रही रोडवेज की बस ने उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। सुमित चौहान की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई।
जगदीश गुर्रो ने हल्द्वानी के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। घटना के बाद रोडवेज चालक बस छोड़कर भाग निकला। हादसे में घायल बाइक सवार विशाल नेगी पुत्र कुंदन नेगी व रजत नगरकोटी पुत्र प्रकाश नगरकोटी निवासी मोती नगर हल्द्वानी को ड्यूटी से लौट रहे एलआईयू दरोगा महेंद्र नेगी अपनी निजी कार से हल्द्वानी अस्पताल ले गए।
इधर, घटना के बाद मृतकों के परिजनों में जहां कोहराम मचा हुआ है। कालाढूंगी एसओ रमेश बोहरा ने बताया कि मृतकों का पंचनामा भरकर शव पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
