अयोध्या: गुरुद्वारा में अब मशीन से बनेंगी रोटियां, एक घंटे में निकलेंगी 700 गर्मागरम रोटियां
अयोध्या। रामनगरी में अब लंगर व भंडारों के दौरान रोटियां बनाने में आदमियों की कमी आड़े नहीं आएगी। गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के सहयोग रोटी बनाने वाली मशीन आ गई है, जिससे एक घंटे में 700 रोटियां बन सकेंगी। रविवार को रोटी बैंक के नाम से संचालित होने वाली स्वचलित मशीन का शुभारंभ हुआ। खिड़की …
अयोध्या। रामनगरी में अब लंगर व भंडारों के दौरान रोटियां बनाने में आदमियों की कमी आड़े नहीं आएगी। गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के सहयोग रोटी बनाने वाली मशीन आ गई है, जिससे एक घंटे में 700 रोटियां बन सकेंगी। रविवार को रोटी बैंक के नाम से संचालित होने वाली स्वचलित मशीन का शुभारंभ हुआ।
खिड़की अली बेग स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण में स्वचालित रोटी मशीन का शुभारंभ पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विजय गुप्ता ने किया। इससे पहले गुरु चरणों में अरदास की गई। प्रसाद वितरित करने के बाद रोटी बनाने का कार्य शुरू हुआ। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा वैसे तो हमेशा से ही सिख समाज मानव सेवा में निरंतर लगा हुआ है और कहा भी गया है कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। इसी कथन को आत्मसात करने का काम गुरुद्वारा दुख निवारण कर रहा है।
सचिव प्रतिपाल सिंह पाली ने बताया कि गुरुद्वारा में रोजाना सैकड़ों लोगों का लंगर तैयार होता है। यह मशीन गुरुद्वारा दुख निवारण के सहयोग से खरीदी गई है, जो कि 1 घंटे में 700 रोटी बनाती है। यह मशीन तकरीबन 12 से 15 आदमियों का काम अकेले ही करेगी। इस मशीन का उद्देश्य प्रमुख रूप से गुरुद्वारे में हर जगह लंगर पहुंचाने का है। इस मशीन के लगने से उसरू स्थित गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज के समक्ष प्रतिदिन चल रहे निशुल्क भोजन वितरण में भी काफी सुविधा मिलेगी।
यह मशीन रोटी बैंक के रूप में संचालित होगी। साथ ही राम नगरी में परिक्रमा में, रामनवमी में, विभिन्न धार्मिक पर्वों में इस मशीन द्वारा प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी किया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गुरचरण सिंह, उजागर सिंह, अमित सिंह मिल्कीपुर, राहुल वैश्य, अमनदीप सिंह विसी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-हल्द्वानी: विधानसभा चुनाव में BJP और कांग्रेस के भाग्य पर जनता फेरेगी झाड़ू- समित टिक्कू
