उत्तराखंड में शुरू हुआ किशोर कोविड टीकाकरण महाअभियान, 6.28 लाख किशोरों को एक सप्ताह में लगेंगे टीके
देहरादून, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण और नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से मुकाबले के लिए उत्तराखंड में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग को कोविड सुरक्षा कवच देने का महाभियान सोमवार से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में सनातन धर्म इंटर कॉलेज बन्नू रेसकोर्स, देहरादून में लगे विशेष कैंप में स्वास्थ्य विभाग की …
देहरादून, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण और नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से मुकाबले के लिए उत्तराखंड में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग को कोविड सुरक्षा कवच देने का महाभियान सोमवार से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में सनातन धर्म इंटर कॉलेज बन्नू रेसकोर्स, देहरादून में लगे विशेष कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कु. आरना और कु. प्रथा का टीकाकरण कर इसकी शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि कोरोना के शुरुआती चरण में इससे बचाव के लिए सीमित संसाधन थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरगामी सोच के परिणामस्वरूप ही सबको सुरक्षा कवच देने की पहल शुरू की गई। कोरोना से बचाव के लिए तेजी से सभी संसाधन जुटाये गये। आज कोविड से बचाव के लिए उत्तराखंड में पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस महाभियान में एक सप्ताह में प्रदेश के 15 से 18 आयु वर्ग के 6.28 लाख किशोरों का टीकाकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की वजह से अनेक लोगों के कार्य प्रभावित हुए। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य में एनएफएसए कार्ड धारकों को 10-10 किलो गेहूं एवं चावल दिया जा रहा है, जो इस पूरे वित्तीय वर्ष में दिया जायेगा।
इस अवसर पर मेयर सुनील उनियान गामा, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा, सीएमओ देहरादून डॉ. मनोज उप्रेती, डॉ. आशुतोष सयाना, एसडी इंटर कॉलेज बन्नू रेसकोर्स, प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरीश विरमानी मौजूद रहे।
10 जनवरी से बूस्टर डोज अभियान
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इस अभियान में राज्य में बाहरी प्रदेशों से पढ़ने वाले किशोरों का टीकाकरण भी किया जायेगा। राज्य में कोविड के दूसरे टीके का भी 85 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण हो चुका है। 10 जनवरी से फ्रंटलाईन वर्कर व 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के बूस्टर डोज का अभियान भी शुरू किया जायेगा। इसके अलावा एएनएम के 800 पदों, 3000 नर्सिंग स्टाफ एवं एक हजार वार्ड ब्वॉय भी जल्द भर्ती किये जायेंगे।
