पुलिस वर्दी धारी बदमाशों ने दो घरों में की लूटपाट, तीन को किया जख्मी
बाराबंकी। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में पुलिस वर्दी धारी डकैतों ने सोमवार की रात जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर तीन लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया है। भिटरिया चौराहे से 100 मीटर दूरी पर …
बाराबंकी। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में पुलिस वर्दी धारी डकैतों ने सोमवार की रात जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर तीन लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया है।
भिटरिया चौराहे से 100 मीटर दूरी पर रहने वाले मिठाई व्यापारी शिवशंकर गुप्ता के मकान में सोमवार रात चार वर्दीधारी बदमाश ताले तोड़कर घुसे। पहली मंजिल पर शिवशंकर गुप्ता उर्फ पप्पू के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर बदमाश घर की तलाशी लेने लगे। तभी शौच को उठे पप्पू दरवाजा बंद होने से खटखटाने लगे तो एक बदमाश ने दरवाजा खोला।
चुपचाप लेटने की बात कहकर उनकी पत्नी शांति गुप्ता की चेन व झुमके उतरवा लिए। दंपति के शोर मचाने पर तीसरी मंजिल से शिवशंकर के पुत्र कृष्णकुमार पहुंचे तो बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर ने पप्पू व कृष्णकुमार को घायल कर फरार हो गए।शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि सभी लोग पुलिस की वर्दी के रंग के कपड़े पहने थे देखा तो लगा कि कोई जांच करने आए है।
वहीं दूसरी घटना चौराहे से करीब 200 मीटर दूर भिटरिया बाजार के पास किराना व्यापारी अनंतराम के यहां हुई। बाहर दुकान और अंदर मकान में रहने वाले अनंतराम दुकान पर सो रहे थे। दुकान के ताले को तोड़ घुसे बदमाशों की आहट पर अनंतराम जगकर शोच मचाने लगे तो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। अनंतराम ने चाकू पकड़ लिया, जिससे वह घायल हो गए। इसी बीच शोर सुनकर परिवारजन पहुंचे तो अनंतराम के सिर पर हमलाकर बदमाश भाग गए। अनंतराम के अनुसार तीन बदमाश थे। एक चाकू, एक असलहा और एक के हाथ में लोहे की राड थी।
पढ़ें- रामपुर : सड़क हादसे में बहनोई की मौत, साला घायल
हैदरगढ़ रोड पर कैलाश सर्राफ की दुकान, सजन कुमार के घर, गंगा शरण के घर व जेठबनी मोड़ पर एक गुमटी का भी ताला बदमाशों ने तोड़ा, लेकिन यहां कुछ हानि नहीं हुई। जानकारी पर सक्रिय हुई पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी कर कांबिंग शुरू और आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग सका।
सीओ रघुवीर सिंह व प्रभारी निरीक्षक अजय त्रिपाठी ने हैदरगढ़ रोड पर स्थित सुबोध फ्लोर मिल पहुंचकर सीसीटीवी के फुटेज खंगाले, जिसमें 2:48 मिनट पर एक सफेद बोलेरो दिखी। यही बोलेरो भिटरिया सुमेरगंज रोड पर भी लगे सीसी फुटेज में भी दिखी। दोनों घटना स्थल पर यह वाहन दिखा, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
एसपी अनुराग वत्स सुबह करीब 11 बजे शिव शंकर के घर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। पीड़ित परिवारजन से बात की। एसपी ने बताया कि तीन टीम सहित सर्विलांस टीम लगाई गई है। जल्द ही राजफाश किया जाएगा।
