अयोध्या: कोहरे के साथ बढ़ी गलन, लुढ़का पारा, सामान्य जनजीवन प्रभावित
अयोध्या। जनवरी में कदम रखते ही सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार से ठंड में आई तेजी ने मंगलवार से और रफ्तार पकड़ ली है। शीतलहर के साथ बढ़ी गलन और कोहरे व धुंध ने असर दिखाना तेज कर दिया है। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। धुंध के कारण …
अयोध्या। जनवरी में कदम रखते ही सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार से ठंड में आई तेजी ने मंगलवार से और रफ्तार पकड़ ली है। शीतलहर के साथ बढ़ी गलन और कोहरे व धुंध ने असर दिखाना तेज कर दिया है। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। धुंध के कारण दृश्यता 400 मीटर आंकी गई। अचानक बढ़ी सर्दी से सामान्य जनजीवन पर भी गहरा असर पड़ रहा है। इसी बीच कमिश्नर ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव व कंबल वितरण करने के निर्देश जारी किए हैं।
सुबह जबरदस्त छाए कोहरे ने जहां एक तरफ गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी तो वहीं लगातार गिर रहे पारे ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की जुगत लगा रहे हैं। सर्द हवाएं लोगों को झकझोर कर रख दे रही। गलन बढ़ने के कारण काम पर निकलने वालों को खासी मशक्कत झेलनी पड़ी। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार जिले में कोहरे का प्रकोप अभी जारी रहेगा। हालांकि धूप निकलने और आद्रता घटने से कोहरे का असर कम होने के आसार है। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अलाव की व्यवस्था करें, कंबल भी बंटवाएं: कमिश्नर
कमिश्नर एमपी अग्रवाल ने शीतलहर को देखते हुए मंडल के सभी जिलाधिकारियों से कहा कि रैन बसेरों की स्थापना, कंबल, अलाव व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। सभी डीएम रैन बसेरों का मुआयना कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करा लें। उन्होंने ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों, नगर निकाय, नगर निगम, नगर पालिका परिषद, आदि अधिकारियों को गरीबों को कंबल वितरण व सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था तत्काल किये जाने के निर्देश दिये। डीएम नितीश कुमार ने नगर पालिका परिषद व सभी नगर पंचायतों में अलाव की व्यवस्था करने के साथ-साथ सभी अधिकारियों को ठंड से बचाव हेतु अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यवाही करने को कहा है।
यह भी पढ़ें:-मोदी झूठ बोलते हैं, मुस्लिम महिलाओं को नहीं मानते बहन : ओवैसी
