उत्तराखंड: बारिश और बर्फबारी के लिए रहें तैयार, मौसम विभाग का अनुमान सही साबित
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विभाग का अनुमान सही साबित हुआ और मंगलवार को उत्तराखंड में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया। हल्द्वानी दोपहर तक धूप खिली रही हालांकि बाद में बादल छा गए। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। हल्द्वानी में मंगलवार सुबह के समय धूप निकली। दोपहर तक …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विभाग का अनुमान सही साबित हुआ और मंगलवार को उत्तराखंड में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया। हल्द्वानी दोपहर तक धूप खिली रही हालांकि बाद में बादल छा गए। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
हल्द्वानी में मंगलवार सुबह के समय धूप निकली। दोपहर तक लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। हालांकि दोपहर बाद यहां पर बादल छा गए और मौसम में परिवर्तन शुरू हो गया। इसके साथ ही शाम होने तक ठंड में बढ़ोतरी हो गई। मौसम विभाग देहरादून के अनुसार पहाड़ी इलाकों में 2500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। इस अनुमान के तहत नैनीताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर और ओखलकांडा जैसे स्थानों में बर्फबारी होने के संकेत बन रहे हैं।
इधर, मौसम विभाग ने कहा है कि मैदानी और कम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश होगी। साथ ही आने वाले दिनों में ठंड में और भी ज्यादा बढ़ोतरी होगी। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान फिर से एक डिग्री सेल्सियस के नीचे जा सकता है। इधर हल्द्वानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उत्तराखंड राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है | राज्य के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। 2500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। – विक्रम सिंह, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून
