बरेली: बिजली कनेक्शन लिए बगैर बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में वेस्ट प्लांट
बरेली, अमृत विचार। आचार संहिता से पहले उद्घाटन करने की जल्दबाजी के बीच बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में पुराने कूड़े के निस्तारण के लिए लगाए लीगेसी वेस्ट प्लांट के संचालन को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। नगर निगम ने इस प्लांट को चलाने के लिए कनेक्शन लिए बगैर ही चोरी की बिजली से ही इस …
बरेली, अमृत विचार। आचार संहिता से पहले उद्घाटन करने की जल्दबाजी के बीच बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में पुराने कूड़े के निस्तारण के लिए लगाए लीगेसी वेस्ट प्लांट के संचालन को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। नगर निगम ने इस प्लांट को चलाने के लिए कनेक्शन लिए बगैर ही चोरी की बिजली से ही इस प्लांट की शुरुआत कर दी। 31 दिसंबर को जोरशोर से इस प्लांट का संचालन भी हुआ था लेकिन बगैर कनेक्शन लिए ही जब इस प्लांट के शुरू होने की जानकारी पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को हुई तो उन्होंने मौके पर टीम भेजकर प्लांट के कनेक्शन को कटवा दिया। हालांकि इस फजीहत के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने छह लाख रुपये का निर्धारित शुल्क जमा कराकर इस प्लांट को दोबारा प्रारंभ करा दिया।
बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में 25-30 साल पुराने कूड़े का निस्तारण नहीं हो पा रहा था। इस वजह से यहां पर कूड़े के ऊंचे-ऊंचे पहाड़ लग गए थे। इस कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम प्रशासन ने 2.40 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च करके लीगेसी वेस्ट प्लांट की संचालन इसी 31 दिसंबर को शुरू करा दिया था। इस प्लांट की शुरुआत मेयर डा. उमेश गौतम और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने जोरशोर से की थी। इसके बाद से रोजाना 600 टन क्षमता वाले प्लांट से हर दिन बड़ी मात्रा में वर्षों पुराने कूड़े का निस्तारण भी शुरू हो गया था। इससे यहां काफी पुराने कूड़े के पहाड़ ही कम होने शुरू हो गए थे लेकिन प्लांट शुरू होने के दो दिन बाद ही पावर कारपोरेशन के अधिकारियों ने इस प्लांट के बिजली कनेक्शन को काट दिया।
नगर निगम की यह लापरवाही सामने आई कि अधिकारियों ने बिजली कनेक्शन के लिए पांच लाख रुपये का निर्धारित कनेक्शन लिए बगैर ही अनाधिकृत तौर से बिजली का इस्तेमाल कर प्लांट को शुरू करा दिया था। पावर कारपोरेशन अधिकारियों ने मीटर न लगने और कनेक्शन लेने से पहले बिजली का इस्तेमाल करने पर बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंचकर बिजली का कनेक्शन काट दिया। इससे प्लांट का संचालन भी बंद हो गया। इसकी जानकारी जब नगर निगम के अधिकारियों को लगी तो हड़कंप पैदा हो गया। अधिकारियों ने तत्काल पांच लाख रुपये की निर्धारित फीस जमा करके बिजली कनेक्शन को दोबारा जुड़वा दिया।
बिजली आपूर्ति न होने से दो दिन से बंद है प्लांट
समाज सेवा मंच के अध्यक्ष नदीम शमसी ने बताया कि उन्हें लोगों ने सूचना दी कि लीगेसी वेस्ट प्लांट दो दिन से बंद है। प्लांट का बिजली कनेक्शन को काट दिया गया है। मीटर न लगने से प्लांट की बिजली गुल हो गई है। इससे कूड़े का निस्तारण भी नहीं हो पा रहा है। लीगेसी वेस्ट प्लांट के उद्घाटन के चक्कर में नगर निगम के अधिकारी नियम कानून तक भूल गए। पावर कारपोरेशन की सख्ती के बाद नगर निगम के अधिकारियों को इसके लिए फजीहत का सामना करना पड़ा है।
वर्जन–
पावर कारपोरेशन को इतनी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए थी। लीगेसी वेस्ट प्लांट की बिजली का कनेक्शन काटने पर नगर आयुक्त ने फटकार लगा दी है। साथ ही पावर कारपोरेशन को जो करीब छह लाख रुपये की धनराशि जमा करनी थी, उसे भी दे दिया गया है। इसके बाद प्लांट का संचालन दोबारा शुरू हो गया है। –संजीव प्रधान, पर्यावरण अभियंता, नगर निगम
