अमरोहा : साइड न देने पर महिलाओं ने बाइक सवार युवक को पीटा
हसनपुर(अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली गेट पर साइड न देने को लेकर बाइक सवार युवकों की कार सवार महिलाओं ने चप्पलों से पिटाई कर दी। इससे काफी समय तक कोतवाली गेट पर हंगामे का माहौल बना रहा। राहगीरों ने दोनों को समझा कर यातायात शुरू कराया। गुरुवार को नगर कोतवाली गेट पर उस समय हंगामा हो …
हसनपुर(अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली गेट पर साइड न देने को लेकर बाइक सवार युवकों की कार सवार महिलाओं ने चप्पलों से पिटाई कर दी। इससे काफी समय तक कोतवाली गेट पर हंगामे का माहौल बना रहा। राहगीरों ने दोनों को समझा कर यातायात शुरू कराया।
गुरुवार को नगर कोतवाली गेट पर उस समय हंगामा हो गया जब कार सवार महिलाओं ने उतरकर बाइक सवार युवकों को रोककर चप्पलों से पिटाई करनी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कार में एक युवक व दो महिलाएं सवार थीं। अंबेडकर पार्क पर साइड देने को लेकर कार सवार एवं बाइक सवार युवकों में कहासुनी हो गई थी। कार सवार युवक ने कोतवाली गेट पर दोनों बाइक सवार युवकों को रोक लिया।
कार में से दो महिलाओं ने उतरते ही बाइक सवार दोनों युवकों की चप्पलों से पिटाई करनी शुरू कर दी। जिससे कोतवाली गेट पर हंगामे का माहौल हो गया और राहगीर की भीड़ जुट गई। हंगामा होने के कारण यातायात प्रभावित हो गया। जब हंगामा होते हुए काफी देर हो गई तो कुछ राहगीरों ने दोनों को समझाया और वहां से रवाना किया। तब जाकर कोतवाली गेट पर यातायात शुरू हुआ। लेकिन, काफी देर कोतवाली गेट पर हंगामा होने के बाद भी किसी पुलिसकर्मी ने यह जहमत नहीं उठाई कि वह मालूम कर सके कि हंगामा क्यों हो रहा है।
