बरेली: भाजपा सरकार की विदाई तय- राजपाल
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में भाजपा सरकार की विदाई तय है। हर वर्ग सरकार के कार्यकलापों से परेशान है। भ्रष्टाचार व बेरोजगारी बढ़ी है। युवा परेशान हैं। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी राजपाल कश्यप ने यह बात कही। वे गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने …
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में भाजपा सरकार की विदाई तय है। हर वर्ग सरकार के कार्यकलापों से परेशान है। भ्रष्टाचार व बेरोजगारी बढ़ी है। युवा परेशान हैं। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी राजपाल कश्यप ने यह बात कही। वे गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की जनसंदेश यात्रा से भाजपा के लोग घबराए हुए हैं। जनता सपा अध्यक्ष की सभा में उनका इंतजार करती है लेकिन भाजपा की यात्रा में लोग किराए पर बुलाए जा रहे हैं। आरोप लगाया कि भाजपा की जनविश्वास यात्रा आखिरी यात्रा है। आरोप लगाया कि भाजपा के लोग कहते थे कि सपा सरकार में एक जाति के अफसर ही हर जगह काबिज हैं। जबकि, भाजपा सरकार में देखा जाए तो कश्यप, निषाद, मौर्य, चौरसिया जाति का कोई कलेक्टर नहीं है।
कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर बड़े-बड़े विज्ञापन छपवाए जा रहे हैं। प्रदेश की सरकार में युवा, किसान, महिलाएं व व्यापारी महंगाई से परेशान हैं। भाजपा कहती है कि उसने सभी को गैस कनेक्शन दिया। जबकि गैस इतनी महंगी कर दी कि कोई गरीब गैस ले नहीं पा रहा है। एमएलसी ने कहा कि सपा सरकार आने पर अयोध्या में निषाद राज की प्रतिमा लगवाएंगे।
बिजली फ्री करेंगे तो लोग गैस सिलेंडर को भूलकर इंडक्शन का प्रयोग करेंगे। भाजपा द्वारा लाल टोपी वाले गुंडे कहने पर नाराजगी जताई। इस मौके पर एमएलसी अमित यादव रिंकू, लाल बिहारी यादव, जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, रवीन्द्र यादव, मयंक शुक्ला मोंटी आदि शामिल थे।
