बरेली: तौकीर मियां के नेतृत्व में प्रदर्शन आज
बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने धर्म संसद में मुसलमानों के नरसंहार की धमकी देने के जवाब में शुक्रवार को 20 हजार मुसलमानों के साथ इस्लामिया ग्राउंड में प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदर्शन से पहले मौलाना तौकीर रजा खान ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि मुस्लिम धर्म …
बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने धर्म संसद में मुसलमानों के नरसंहार की धमकी देने के जवाब में शुक्रवार को 20 हजार मुसलमानों के साथ इस्लामिया ग्राउंड में प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदर्शन से पहले मौलाना तौकीर रजा खान ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि मुस्लिम धर्म संसद के फैसले पर जुमे की नमाज के बाद इस्लामिया ग्राउंड में शांति के साथ कार्यक्रम होगा।
उन्होंने कहा कि देर रात तक हरिद्वार में मुसलमानों के नरसंहार की धमकी देने वाले सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिये जाते हैं तो हम मुस्लिम धर्म संसद के फैसले पर विचार करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हमें नहीं लगता कि उनको गिरफ्तार किया जाएगा क्योंकि आरोपियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।
मौलाना ने कहा कि हम अमन में यकीन रखने वाले लोग हैं। हम खुद को पेश कर रहे हैं। अगर उन आतंकवादियों की प्यास हमारे खून से बुझती है तो हम देश में अमन और भाईचारे के लिए यह कुर्बानी देने को तैयार हैं। मौलाना ने कहा कि अफवाहें उड़ाई जा रही हैं कि कार्यक्रम स्थगित हो गया, लेकिन यह बेबुनियाद है।
कोरोना को ध्यान रखते हुए सभी लोग सामाजिक दूरी का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें। किसी भी तरह के नारे न लगाएं और खामोशी से दुरूद पढ़ते हुए आएं। इस दौरान डा. नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीसी, फरहत खान, अफजाल बेग, रुखसार रजा आदि लोग मौजूद रहे।
