बरेली: ठंड में दीवार न सूख पाने से तालाब के सौंदर्यीकरण पर असर
बरेली, अमृत विचार। सर्दी के मौसम से संजय कम्युनिटी हाल के तालाब सौंदर्यीकरण के काम पर विराम लग गया है। जबकि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मंजूर इस काम को फरवरी तक पूरा कराए जाने का लक्ष्य है लेकिन जिस हिसाब से काम चल रहा है, उससे इसमें विलंब होता दिख रहा है। स्मार्ट सिटी …
बरेली, अमृत विचार। सर्दी के मौसम से संजय कम्युनिटी हाल के तालाब सौंदर्यीकरण के काम पर विराम लग गया है। जबकि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मंजूर इस काम को फरवरी तक पूरा कराए जाने का लक्ष्य है लेकिन जिस हिसाब से काम चल रहा है, उससे इसमें विलंब होता दिख रहा है।
स्मार्ट सिटी के तहत करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से इस तालाब का कायाकल्प होना है। वर्षों पुराने इस तालाब से सिल्ट सफाई और मिट्टी निकालने के काम में काफी विलंब हुआ। हालांकि तालाब के चारों ओर दीवार बनाने का काम पूरा हो चुका है, ताकि पानी के रिसाव या कटाव से आसपास के आबादी क्षेत्र प्रभावित न हो, लेकिन दिक्कत ये आ रही हैं कि इस समय काफी सर्दी पड़ रही है। धूप में तेजी न होने की वजह से तालाब के चारों ओर बनाई गई दीवार सूख नहीं पा रही है।
ऐसे में इस परियोजना में काफी विलंब हो रहा है। पूर्व में स्मार्ट सिटी के अधिकारी कार्यदायी संस्था को कई बार चेतावनी तो चुके हैं लेकिन इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। इस संबंध में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि तालाब के सौंदर्यीकरण का काम जल्द से जल्द पूरा कराने की कवायद चल रही है।
