बरेली: कोई धर्म नहीं देता लोगों के नरसंहार की इजाजत
बरेली, अमृत विचार। हरिद्वार में हुई धर्म संसद के दौरान 20 लाख मुसलमानों के नरसंहार की जो बात कही गई थी उसके जवाब में मौलाना तौकीर रजा खां के नेतृत्व में हुई मुस्लिम धर्म संसद में फैसला लिया गया कि 20 हजार मुसलमान इस्लामियां मैदान में कुर्बानी देने पहुंचेंगे। शुक्रवार को इस्लामिया ग्राउंड के अंदर …
बरेली, अमृत विचार। हरिद्वार में हुई धर्म संसद के दौरान 20 लाख मुसलमानों के नरसंहार की जो बात कही गई थी उसके जवाब में मौलाना तौकीर रजा खां के नेतृत्व में हुई मुस्लिम धर्म संसद में फैसला लिया गया कि 20 हजार मुसलमान इस्लामियां मैदान में कुर्बानी देने पहुंचेंगे। शुक्रवार को इस्लामिया ग्राउंड के अंदर भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंचे। इस्लामिया मैदान के मंच पर पहुंचे आईएमसी ( इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के निशाने पर हिंदूवादी संगठन रहे। कहा कि भगवान श्रीराम ने रावण के साथ युद्ध किया और श्रीकृष्ण ने कंस से साथ, लेकिन तब मुसलमान कहां था।
अब हमें दुश्मन क्यों कहा जा रहा है। हर दौर में अच्छाई और बुराई के बीच लड़ाई हुई है लेकिन किस धर्म ग्रंथ में लिखा है कि हिंदू और मुसलमानों के बीच लड़ाई होनी चाहिए। हिंदू समाज को समझने की जरूरत है कि अच्छाई क्या है और बुराई क्या है। किसी भी धर्म में नहीं कहा गया कि लोगों का नरसंहार कर दो। रावण ने माता सीता का सम्मान नहीं किया इसलिए भगवान राम ने रावण का वध किया। आज मुस्लिम महिलाओं के बारे में क्या-क्या कहा जा रहा है। जो लोग ऐसा कर रहे हैं क्या वो रावण नहीं हैं। हम यहां किसी से लड़ने नहीं, बल्कि अपनी जान कुर्बान करने आये हैं।
क्या वो देश प्रेमी हो सकता है जो अपने ही देश के 20 लाख लोगों का कत्ल करने की बात करता है। हम पैदाइशी लड़ाकू हैं लेकिन अपने ही देश के नागरिकों से लड़ना नहीं चाहते। इस दौरान डा. नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीसी, फरहत खान, मकदूम बेग, अफजाल बेग, सलीम खान, रुकसार रजा, तमहीद युसुफ ,मुस्तफा नूरी, इंतखाब आलम, शुएब रजा खान,एहसानुल हक चतुर्वेदी, मौलाना जीशान, मौलाना खुर्शीद आलम, मोईन खान, समरान खान आदि मौजूद रहे।
लड़ने का शौक है तो चलो चीन और पाक बार्डर
मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि जो लोग मरने मारने की बात कर रहे हैं उन्हें लड़ने का इतना शौक है तो चाइना बॉर्डर चलते हैं। जहां चीन हमारी सीमाओं में घुसा हुआ है। मुसलमान नौजवानों को ट्रेंड कर दीजिए फिर तो वह चीन के कब्जे से कैलाश मानसरोवर भी लाकर दे देंगे। उन्होंने कहा कि हमारे 20 हजार नौजवान पाकिस्तान को हिंदुस्तान में शामिल कर लेंगे।
मौलाना का विवादित बयान, नौजवान कानून हाथ में न ले लें
मंच से मौलाना ने हिंदुस्तान का नक्शा बदल देने की चेतावनी देते हुए विवादित बयान दे डाला। कहा कि भारत में आज कुरान और पैगंबर के बारे में आपत्तिजनक बातें कही जाती हैं। हम खून का घूंट पीकर रह जाते हैं लेकिन अब सब्र का पैमाना टूट चुका है। मुझे डर लगता है कि कहीं मुसलमान नौजवान कानून हाथ में न ले लें। जिस दिन ऐसा हुआ उस दिन हिंदुस्तान का नक्शा बदल जायेगा। हिंदूवादी संगठन यह न समझें कि मैं नौजवानों को भड़का रहा हूं, बल्कि समझा रहा हूं कि युवा कानून हाथ में न लें। हम दावत दे रहे हैं कि सरकार हमें गोलियों से भुनवा दे या अपने गुंडों से मरवा दे हम विरोध नहीं करेंगे।
