बरेली: बारिश से घंटों गुल रही बिजली
बरेली, अमृत विचार। बारिश के बाद शहर और देहात क्षेत्र में बिजली का संकट गहरा गया। कई इलाकों में तार टूटने तो कई जगह भूमिगत केबिल में फाल्ट होने की वजह से बिजली की सप्लाई ठप हो गई। फाल्ट को ठीक करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जब शाम को बारिश रुकी …
बरेली, अमृत विचार। बारिश के बाद शहर और देहात क्षेत्र में बिजली का संकट गहरा गया। कई इलाकों में तार टूटने तो कई जगह भूमिगत केबिल में फाल्ट होने की वजह से बिजली की सप्लाई ठप हो गई। फाल्ट को ठीक करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जब शाम को बारिश रुकी तो बिजली के फाल्ट सही किए गए।
बारिश होने के दौरान शहर की बिजली सप्लाई के लड़खड़ाने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी बारिश शुरू होते ही कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। बारिश के रुकने के बाद इसको सुचारू किया जा सका। हालांकि बाद में भी ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही। जिससे लोगों को काफी दिक्कत हुई। शहर में जर्जर तारों की वजह से व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। हल्की सी आंधी-बारिश होते ही बत्ती चली जाती है। कुछ स्थानों पर फाल्ट हो गए।
बारिश रुकने के बाद पावर कॉरपोरेशन के अफसरों ने टीम भेजकर फाल्ट ठीक कराए। इस दौरान करीब दो घंटे तक सप्लाई बाधित रही। शहर के कुतुबखाना, सुभाषनगर और सिविल लाइंस में बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी हुई। वहीं सेटेलाइट रोड पर भूमिगत केबिल में फाल्ट होने से लोगों को कई घंटे तक बिजली नहीं मिली। शहर अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि कुछ जगह बारिश के चलते बिजली कटौती हुई थी। बाद में कर्मचारियों को मौके पर भेजकर उसे ठीक करा दिया गया।
