मुरादाबाद : बाइक सवारों ने दिनदहाड़े महिला से लूटे 50 हजार, बेटी की शादी के लिए बैंक से निकाले थे पैसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बाइक सवार बदमाशों ने मंडी समिति में महिला से 50 हजार रुपये लूट लिए। बेटी की शादी के लिए महिला बैंक से रकम निकाल कर घर जा रही थी। छह फरवरी को उसकी बेटी की शादी होनी है। उसके लिए सामान खरीदने के लिए रुपये निकाले थे। पुलिस मौके पर पहुंची व …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बाइक सवार बदमाशों ने मंडी समिति में महिला से 50 हजार रुपये लूट लिए। बेटी की शादी के लिए महिला बैंक से रकम निकाल कर घर जा रही थी। छह फरवरी को उसकी बेटी की शादी होनी है। उसके लिए सामान खरीदने के लिए रुपये निकाले थे। पुलिस मौके पर पहुंची व बदमाशों की तलाश में जुट गई।

मझोला थाना क्षेत्र की एकता कॉलोनी निवासी पिंकी के पति शिवकुमार की मौत हो चुकी है। उसकी एक बेटी मोनिका व बेटा विकास है। वह पीतल फर्म में नौकरी करती है। उसने बेटी मोनिका का रिश्ता विकास नगर निवासी हरज्ञान के साथ तय किया था। छह फरवरी को बारात आनी है। शादी के लिए सामान खरीदने के लिए पिंकी ने मंडी समिति के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से सोमवार दोपहर 50 हजार रुपये निकाले थे।

उसके अनुसार रकम को एक थैले में रखकर उसने बगल में दबा लिया और घर जाने लगी। मंडी समिति पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर भरे बाजार में दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक सवार दो बदमाश आए व उसे धक्का देकर नोटों से भरा थैला लूटकर ले गए। धक्का लगने से महिला सड़क पर गिर गई। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पीड़िता ने पुलिस चौकी पहुंचकर सूचना दी। चौकी प्रभारी संजय तोमर ने बैंक पहुंचकर घटना की पड़ताल की। इसके बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।

कड़ी मेहनत से बेटी की शादी के लिए जुटाई थी रकम
लूट का शिकार हुई पिंकी ने बताया कि पति की मौत के बाद वह फैक्ट्री में काम करती है। बेटा विकास भी फर्म में काम करता है। दोनों ने बेटी की शादी के लिए कड़ी मेहनत करके पाई-पाई जोड़ी थी। वह हर महीने जितनी भी बचत होती थी, उसे पंजाब नेशनल बैंक में जमा कर देती थी। सोमवार को बेटी की शादी का सामान खरीदने के लिए उसने यह रकम निकाली थी, जिसे लुटेरों ने एक झटके में लूट लिया। पिंकी ने बताया कि काली पल्सर बाइक पर सवार बदमाश बैंक परिसर में मौजूद थे। मगर तब उसने ज्यादा ध्यान नहीं दिया था। उनमें से एक बदमाश ने काली जैकेट पहन रखी थी।

संबंधित समाचार