चुनाव की हड़बड़ी: अधूरे पुल का खन्ना ने किया लोकार्पण, सपा ने घेरा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। चुनाव आचार संहिता लगने से पहले नगर विधायक और कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ककरा-अजीजगंज पुल का लोकार्पण कर दिया, जबकि अभी इसका 60 फीसदी से भी कम निर्माण हो पाया है। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को घेरते हुए उन पर अधूरे पुल का उद्घाटन …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। चुनाव आचार संहिता लगने से पहले नगर विधायक और कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ककरा-अजीजगंज पुल का लोकार्पण कर दिया, जबकि अभी इसका 60 फीसदी से भी कम निर्माण हो पाया है। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को घेरते हुए उन पर अधूरे पुल का उद्घाटन करने का आरोप लगाया है। सपा के जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि मंत्री सुरेश खन्ना ने आचार संहिता लागू होने से पहले पिछले गुरुवार को गर्रा नदी पर जिस पुल का उद्घाटन किया वो अधूरा है।
वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना के प्रयास से ककरा व खन्नौत नदी के बीच गर्रा नदी पर सेतु निगम की ओर से पुल का निर्माण कराया जा रहा है। सेतु निगम ने दिसंबर तक पुल निर्माण पूरा कर लेने का भरोसा दिलाया था, लेकिन अभी करीब 40 फीसदी से ज्यादा निर्माण बाकी है। इसके बाद भी अधिकारियों ने छह जनवरी को लोकार्पण समारोह आयोजित कर कैबिनेट मंत्री खन्ना से इसका उद्घाटन करा दिया, जबकि अभी इस पुल से आवागमन संभव नहीं है। अभी इस पर पुल के निर्माण के साथ ही एप्रोच रोड के निर्माण का पूरा काम बाकी है।
अधूरे निर्माण का उद्घाटन करने पर कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को घेरते हुए समाजवादी पार्टी ने उन पर अधूरे पुल का उद्घाटन करने का आरोप लगाया है। अमृत विचार ने सोमवार को मौके पर जाकर निर्माण कार्य की स्थिति देखी तो अभी न तो पुल की रेलिंग का निर्माण पूरा हुआ है और न ही एप्रोच रोड ही बन पाई है। सड़क के बीच-बीच में भी काफी काम शेष है। हालांकि इसका निर्माण पूरा करने के लिए रात दिन काम हो रहा है। इसके बाद भी अभी एक महीने से ज्यादा समय लगने की संभावना है। यह बात सेतु निगम के अधिकारी भी दबी जुबान मान रहे हैं।
चुनाव जीतने के लिए झूठा श्रेय ले रही बीजेपी: तनवीर
सपा के जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि मंत्री सुरेश खन्ना ने आचार संहिता लागू होने से पहले पिछले गुरुवार को गर्रा नदी पर जिस पुल का उद्घाटन किया वो अधूरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव में फायदे के लिए झूठा श्रेय लेने में जुटी है। उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर फेल बीजेपी लोगों को मूर्ख बनाना चाह रही है। इसी मकसद से ऐसे उद्घाटन किए गए। गर्रा नदी पर पुल का उद्घाटन उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के ठीक एक दिन पहले किया गया।
वर्जन…..
सेतु निगम पुल निर्माण के लिए रात दिन काम कर रहा है। यह पुल लोगों के लिए 26 जनवरी को खुल जाएगा। कुछ काम रह गया था जिसे पूरा किया जा रहा है। रेलिंग और अप्रोच रोड का काम हर हालत में 25 जनवरी तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
—देवेंद्र पाल सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक- सेतु निगम।
