मुरादाबाद : तमंचे के बल पर युवती से गैंगरेप, वीडियो वायरल करने दी धमकी
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। क्षेत्र की एक युवती के साथ दो युवकों ने तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर दुष्कर्म की वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर युवती के परिजनों से 20 लाख की रंगदारी मांगने लगे। मामले में डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने दोनों युवकों और उनके परिजनों सहित चार …
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। क्षेत्र की एक युवती के साथ दो युवकों ने तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर दुष्कर्म की वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर युवती के परिजनों से 20 लाख की रंगदारी मांगने लगे। मामले में डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने दोनों युवकों और उनके परिजनों सहित चार के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का अभियोग पंजीकृत किया है।
कोतवाली ठाकुरद्वारा के एक गांव की निवासी युवती ने डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह 16 अप्रैल 2019 को जनपद बिजनौर के थाना अफजलगढ़ के गांव में अपने रिश्तेदार का यहां शादी में गई थी। वहां पर क्षेत्र के थाना डिलारी के गांव सुल्तानपुर खददर के दो युवक भी आये हुए थे। वह शादी के दौरान टॉयलेट के लिए गई तो दोनों युवक उसे जबरन उठाकर जंगल में ले गये वहां उन्होंने तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया।
इस दौरान उन्होंने दुष्कर्म की वीडियो भी बना ली। युवती ने घर लौटकर इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। तभी दोनों युवक उसके घर आये उन्होंने धमकी दी कि यदि उन्होंने कोई कानूनी कार्रवाई की तो वह वीडियो वायरल कर देंगे। उन्होंने कहा कि जब भी वह पैसे की मांग करेंगे तो उनके बैंक खाते में डाल देना। युवकों की मांग पर 15000 रुपये उनके खाते में डलवा दिये। 15 नवंबर 2021 को युवकों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की मांग उनके घर आकर की।
जिसकी सूचना देने पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिस पर युवती ने डीआईजी के समक्ष पेश होकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने डीआईजी के आदेश पर अभिषेक कुमार एवं हिमांशु पुत्र रणजीत सिंह, रणजीत सिंह, अभिषेक पुत्र रणजीत सिंह निवासी सुल्तानपुर खददर के खिलाफ गैंगरेप और अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
