हल्द्वानी: चुनावी सीजन में हरियाली पर नहीं चलेगी आरी
हल्द्वानी, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में जंगलों में हरियाली पर आरी नहीं चल जाए इसलिए वन विभाग के फील्ड स्टाफ को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखा गया है। फील्ड स्टाफ नियमित रूप से जंगलों में गश्त करेगा। राज्य में 14 फरवरी को मतदान होना है। लोकतंत्र के इस महाउत्सव को सफल बनाने के लिए सरकारी अमला …
हल्द्वानी, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में जंगलों में हरियाली पर आरी नहीं चल जाए इसलिए वन विभाग के फील्ड स्टाफ को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखा गया है। फील्ड स्टाफ नियमित रूप से जंगलों में गश्त करेगा।
राज्य में 14 फरवरी को मतदान होना है। लोकतंत्र के इस महाउत्सव को सफल बनाने के लिए सरकारी अमला तैयारियों में जुट गया है। सभी सरकारी विभागों से कर्मचारी, वाहन, संसाधन आदि जुटाए जा रहे हैं। अमूमन चुनाव में वन विभाग से फील्ड स्टाफ की ड्यूटी लग जाती है ऐसे में वन, वन्यजीवों की सुरक्षा खासा प्रभावित होता है।
पुलिस, प्रशासन, वन विभाग चुनावी मोड में होता है और तस्कर जंगलों में वन संपदा की तस्करी को अंजाम देते हैं। इस बार राज्य सरकार ने वन विभाग के फील्ड स्टाफ को चुनावी ड्यूटी से मुक्त रखने का फैसला किया है। ऐसे वन कर्मी जिनकी जंगलों में गश्त के लिए ड्यूटी लगती है। उनको चुनाव में ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।
इसी के साथ ही फील्ड स्टाफ का वाहन भी नहीं लिए जा रहे हैं। इससे चुनावी सीजन में वन तस्करों पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी। वहीं जंगल, जंगली जानवरों की निगरानी हो सकेगी।
पश्चिमी वन वृत्त के वन संरक्षक दीपचंद्र आर्य ने बताया कि शासन से आदेश है कि फील्ड स्टाफ की चुनाव में ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी लेकिन यदि जिला प्रशासन स्टाफ की डिमांड करता है तो कर्मी दिए जाएंगे।
