बरेली: मरीज ने रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज के हड़प लिए 1.33 लाख, रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। इलाज के नाम पर मुख्यमंत्री राहत कोष से रुपये आने की बात कहकर मरीज ने रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से 113603 रुपये का चेक लेकर कैश करा लिया लेकिन जब मख्यमंत्री राहत कोष से रुपये नहीं आए तो मरीज ने कॉलेज प्रबंधन को रुपये वापस करने की बजाय उन्हें ही धमकाना शुरू …
बरेली, अमृत विचार। इलाज के नाम पर मुख्यमंत्री राहत कोष से रुपये आने की बात कहकर मरीज ने रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से 113603 रुपये का चेक लेकर कैश करा लिया लेकिन जब मख्यमंत्री राहत कोष से रुपये नहीं आए तो मरीज ने कॉलेज प्रबंधन को रुपये वापस करने की बजाय उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। अब मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने अमानत में खयानत करने वाले बाप-बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल के प्रशासनिक अधिकारी डा. फैज शमसी ने बताया कि उनके ऑर्थो वार्ड में सुभाषनगर के बीडीए कॉलोनी निवासी रामौतार भारती अपना इलाज कराने के लिए 10 दिसंबर 2020 को भर्ती हुआ था। उसका पूरा इलाज मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत होना था। उनके हाथों में इंफेक्शन अधिक होने के कारण ऑपरेशन कई चरणों में किया जाना था। पहले चरण में हुए ऑपरेशन के बाद से ही मरीज ने उनका सहयोग करना बंद कर दिया और दवा और जांच कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद मरीज और उसके बेटे शैलेंद्र भारती ने कहा कि उन्हें वहां से इलाज नहीं कराना है।
वह आगे का इलाज अपने पसंद अस्पताल में कराएंगे। फिर वह लोग इलाज के नाम पर मुख्यमंत्री राहत कोष का बचा हुआ पैसा मांगने लगे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि बचा हुआ पैसा लेने के लिए वह एक पत्र लखनऊ मुख्यालय में भेज दें। वहां से वह पैसा रिलीज कराने का आदेश करा देंगे। उनकी बात पर भरोसा करते हुए प्रबंधन ने पत्र लिखकर भेज दिया। इसके बाद बाप-बेटे अस्पताल प्रबंधन पर बचा हुआ पैसा देने का दबाव बनाने लगे और रुपये वापस आने पर उन्हें पैसा वापस करने की बात कहते हुए उनसे 26 जुलाई 2021 को 113603 रुपये का चेक लेकर कैश करा लिया।
इसके बाद मेडिकल कॉलेज से पैसों के लिए किया गया आवेदन निरस्त हो गया। साथ ही मेडिकल कॉलेज को बचा हुआ पैसा भी सरकार को वापस देना पड़ा। प्रबंधन ने रामऔतार से रुपये वापस मांगे तो उसने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया। साथ ही उनपर एससीएसटी एक्ट के तहत कार्रवाई कराने की बात कही। इस पर कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी डा फैज शमसी ने पुलिस से मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
