मुरादाबाद: सिद्धवली स्पोर्ट्स के मालिक की सिर में गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
मुरादाबाद, अमृत विचार। बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार में सिद्धवली स्पोर्ट्स के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिर में गोली मारने के बाद हत्यारे साईं मंदिर की ओर फरार हो गए। घटना के समय वह स्टेडियम के पास स्थित दुकान के बाहर कुत्ते …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार में सिद्धवली स्पोर्ट्स के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिर में गोली मारने के बाद हत्यारे साईं मंदिर की ओर फरार हो गए। घटना के समय वह स्टेडियम के पास स्थित दुकान के बाहर कुत्ते को टहला रहे थे। घटना के पीछे किराएदारी का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस देर रात दुकान और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हत्यारों की तलाश में जुटी थी।

गोली मारकर मौत के घाट उतारा गया 30 वर्षीय कुशांक गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के रामगंगा विहार स्थित अरन्या सिग्नेचर अपार्टमेंट का निवासी था। उसकी रामगंगा विहार में नेता जी सुभाष चंद बोस स्टेडियम के पास सिद्धबली स्पोर्टस एंड गिफ्ट कार्नर के नाम से खेल के सामान की दुकान है। परिवार में पत्नी नीति गुप्ता के अलावा बहन एक योशिता गुप्ता और मां नितिल गुप्ता हैं। दुकान पर काम करने वाले शिवम ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे कुशांक गुप्ता दुकान के बाहर कुत्ते को टहला रहे थे।
तभी किले की ओर से आने वाली रोड की ओर से स्पलेंडर बाइक पर आए युवकों ने कुशांक गुप्ता के सिर में गोली मार दी। इसके बाद हत्यारे साईं मंदिर की ओर फरार हो गए। फायर की आवाज सुनकर बाहर निकले शिवम ने तत्काल घटना की सूचना कुशांक के पिता को दी। जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। वह तत्काल कुशांक को कार में डालकर विवेकानंद अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे कॉसमास अस्पताल ले गए। इस बीच पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। यहां भी डाक्टरों ने जवाब दे दिया। तब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पाकर इंस्पेक्टर आरपी सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।

पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के पिता अशोक कुमार ने बताया कि उनके बेटे का दुकान के ऊपर रेस्टोरेंट चलाने वाले बिजनौर जनपद के नूरपुर निवासी प्रियांशु गोयल से किराएदारी को लेकर विवाद हुआ था। इसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की थी। दो महीने पूर्व प्रियांश गोयल रेस्टोरेंट खाली करके चला गया था। उसी ने कुशांक की हत्या कराई है। कारोबारी की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, बहन व माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शार्प शूटर थे हत्यारे
माना जा रहा है कि कुशांक की हत्या करने वाले शार्प शूटर थे। उन्हें पता था कि सिर में गोली लगने से कुशांक के बचने की कोई संभावना ही नहीं है। इसीलिए उन्होंने इतनी सटीक गोली मारी। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने पलट कर नहीं देखा और फरार हो गए। उन्हें यकीन था कि सिर में मारी गई एक गोली ही कुशांक का काम तमाम कर देगी।
सिर में फंस गई गोली
दुकान में काम करने वाले शिवम के अनुसार बाइक पीछे बैठे युवक ने कुशांक के सिर से तमंचा सटाकर फायर किया था। गोली पास से चलाई गई थी इसलिए वह पार नहीं हो सकी और सिर में ही फंस गई।
कोई डाक्टर को बुलाओ, चल रही है पल्स
घटना के बाद परिजन कुशांक को लेकर सीधे विवेकानंद अस्पताल पहुंचे थे। वहां उसकी बहन और मां शव से लिपटकर बुरी तरह बिलखने लगीं। मां बार-बार चिल्ला रही थीं कि कोई डाक्टर को बुलाओ, मेरे बेटे की पल्स चल रही है। बहन योशिता का भी यही हाल था। बदहवास बहन सीने पर कान लगाकर धड़कन सुनने का प्रयास कर रही थी। पिता कभी बेटे के सिर को सहला रहे थे तो कभी हाथ पकड़कर नब्ज देखते हुए चिल्ला रहे थे कि डाक्टर साहब देखिए मेरे बेटे की नब्ज चल रही है।
दुकान से अस्पताल व पोस्टमार्टम हाउस तक मचा हाहाकार
कुशांक गुप्ता को गोली लगने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और फिर उसे विवेकानंद अस्पताल ले गए। माता-पिता व बहन बुरी तरह बिलखते रहे। पोस्टमार्टम हाउस पर भी उनका बिलखना जारी रही। माता-पिता, बहन और पत्नी का करुण क्रदंन सुनकर मौके पर मौजूद हर आंख नम हो गई।
हत्यारों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा। —बबलू कुमार एसएसपी
