मुरादाबाद : ‘शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाला हो नया विधायक’
मुरादाबाद, अमृत विचार। चुनाव को लेकर माहौल गर्म हो चुका है। ऐसे में हर किसी की नजर पार्टियों द्वारा घोषित किए जाने वाले प्रत्याशियों पर टिकी हैं। साथ ही शहर के लोग होने वाले विधायक से यह उम्मीद लगा रहे हैं कि वह शहर को विकास की ओर लेकर जाएं। लोगों का कहना है कि …
मुरादाबाद, अमृत विचार। चुनाव को लेकर माहौल गर्म हो चुका है। ऐसे में हर किसी की नजर पार्टियों द्वारा घोषित किए जाने वाले प्रत्याशियों पर टिकी हैं। साथ ही शहर के लोग होने वाले विधायक से यह उम्मीद लगा रहे हैं कि वह शहर को विकास की ओर लेकर जाएं। लोगों का कहना है कि हमारा विधायक जिले में एक सरकारी मेडिकल कालेज बनवाए। शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में कार्य करे। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाए।
कई मतदाताओं का कहना है कि जो निधि विधायक को मिलती है, वह उसे पूरी तरह जनता के लिए खर्च करे। अमृत विचार से बातचीत में लोगों ने कहा कि चुनाव के समय प्रत्याशी अपना एजेंडा तो बताते हैं। लेकिन, बाद में उसे भूल जाते हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि आने वाला विधायक ऐसा हो जो अपने वादों पर पूरी तरह खरा उतरे और शहर की मुख्य समस्याओं का समाधान कराए। वहीं जनता की मांग है कि शासकीय विश्वविद्यालय की स्थापना भी होनी चाहिए।
जिगर कॉलोनी के सगीर अहमद ने कहा किहम ऐसे नेता को चुनना पसंद करेंगे, जो शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य करे। हमारे शहर में जाम की समस्या सबसे बड़ी है। आने वाला विधायक सबसे पहले शहर को जाम की समस्या से मुक्त कराए।
हिमगिरी कालोनी के एडवोकेट इम्तियाज हुसैन ने कहा कि विधायक ऐसा हो, जो जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज बनवाए और शासकीय विश्वविद्यालय की स्थापना करवाए। मास्टर प्लान के अनुसार पार्क, खुले क्षेत्र और क्रीड़ा स्थल के लिए आरक्षित भूमि पर लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है।
सिविल लाइंस के फहीम अहमद ने कहा कि हमारे शहर में सरकारी विश्वविद्यालय की मांग सालों से की जा रही है। स्वास्थ्य सेवाएं काफी कमजोर हैं। विधायक को इस पर ध्यान देना चाहिए। हमारा प्रयास रहेगा कि हम इस बार ऐसे विधायक को वोट दें, जो धर्म-जाति से हटकर विकास में योगदान दे।
हरथला की नीतू पाल का कहना है किजो विकास कराए और जनहित में कार्य करे, ऐसा जनप्रतिनिधि होना चाहिए। चुनाव के समय सब आते हैं, उसके बाद कोई नहीं लौटता। सरकारी तंत्र को सुधारने के लिए भी कोई प्रयास नहीं करता है। सड़कें और ट्रेफिक व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या है। विधायक को इन पर ध्यान देगा होगा।
