रुद्रपुर: वर्दीधारियों द्वारा युवक के अपहरण से खलबली
रुद्रपुर, अमृत विचार। वर्दीधारी कुछ लोगों द्वारा एक युवक को अपहरण की सूचना से पुलिस विभाग में खलबली मच गई। स्थानीय पुलिस को किसी भी बाहरी प्रदेश की पुलिस द्वारा युवक को उठा लिये जाने की सूचना नहीं है। युवक का वर्दीधारियों द्वारा पकड़कर ले जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो …
रुद्रपुर, अमृत विचार। वर्दीधारी कुछ लोगों द्वारा एक युवक को अपहरण की सूचना से पुलिस विभाग में खलबली मच गई। स्थानीय पुलिस को किसी भी बाहरी प्रदेश की पुलिस द्वारा युवक को उठा लिये जाने की सूचना नहीं है। युवक का वर्दीधारियों द्वारा पकड़कर ले जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक के भाई ने पुलिस को अपहरण की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुभाष कॉलोनी निवासी श्याम कुमार का कहना है कि उसका भाई राधे कुमार मुख्य बाजार स्थित एक साइकिल स्टोर पर काम करता है। रोज की तरह बीते दिवस दोपहर को वह काम कर दोस्तों के साथ लौट रहा था। अचानक सुभाष कॉलोनी तिराहे के पास वहां सात-आठ लोग आए। इनमें से दो-तीन लोगों ने वर्दी पहनी हुई थी और बाकी लोग सादे कपड़ों में थे।
आरोप है कि उक्त लोग उसके भाई का अपहरण कर ले गए। जब इस संबंध में कोतवाली-बाजार पुलिस चौकी से जानकारी मांगी तो सभी ने किसी भी बाहरी प्रदेश की पुलिस द्वारा कोई सूचना या आमद नहीं करने की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों की चिंता काफी बढ़ गई। शिकातयकर्ता का कहना है कि पिछले कई वर्षों से उसका भाई रुद्रपुर में काम करता है और अभी तक किसी भी आपराधिक मामले की कोई जानकारी भी नहीं है।
पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुई है। सीओ अभय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। संभवत: बाहरी राज्य की पुलिस बिना आमद दर्ज कराए युवक को पकड़कर ले गई होगी। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही मामले की पुष्टि की जाएगी।
