मुरादाबाद : मदद के बहाने युवक ने विधवा से किया दुष्कर्म
मुरादाबाद, अमृत विचार। युवक ने मदद करने के बहाने विधवा के साथ दुष्कर्म कर डाला। इतना ही नहीं आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। विरोध करने पर उसे वायरल करने और बच्चों की हत्या करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने महिला थाना पुलिस को मामले की जांच कर आरोपी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। युवक ने मदद करने के बहाने विधवा के साथ दुष्कर्म कर डाला। इतना ही नहीं आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। विरोध करने पर उसे वायरल करने और बच्चों की हत्या करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने महिला थाना पुलिस को मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरथला निवासी पीड़िता ने बताया कि उसके पति की बीमारी के चलते कुछ समय पूर्व मौत हो गई थी। डिलारी थाना क्षेत्र में रहने वाले पति के दोस्त का उनके घर आना-जाना था। आरोप है कि उसने हमदर्दी जताते हुए उसकी व उसके बच्चों की मदद के बहाने मेलजोल बढ़ा लिया। विश्वास जमाने के लिए उसने कुछ समय तक मदद भी की। इसके बाद धीरे-धीरे उसने हंसी-मंजाक शुरू कर दी फिर अश्लील हरकतें भी करने लगा। पति का दोस्त और मददगार होने के कारण महिला ने इस पर खास ध्यान नहीं दिया। इससे आरोपी का हौसला बढ़ गया।
आरोप है कि नौ जनवरी को वह घर में अकेली थी। इस बीच आरोपी उसके घर आ धमका और दुष्कर्म किया। इस दौरान वीडियो भी बना ली। विरोध करने और पुलिस को सूचना देने पर वीडियो वायरल करने तथा बच्चों की हत्या करने की धमकी देकर उसका मुंह बंद कर दिया। सहमी महिला कुछ दिन तक पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। इसके बाद वह कप्तान के पास पहुंची और आपबीती बताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
