रामपुर: गोकशी के आरोपी को पकड़ने वकील के चैंबर में घुसी पुलिस, हंगामा
रामपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड के शहर रुद्रपुर में गोकशी के मामले में फरार चल रहे अजीमनगर के रहने वाले एक आरोपी को पकड़ने के लिए सीओ सिटी के नेतृत्व में आई टीम आरोपी का पीछा करते हुए कचहरी में एक अधिवक्ता के चैंबर में घुस गई। आरोपी को दबोच भी लिया, इसी बीच अधिवक्ताओं ने …
रामपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड के शहर रुद्रपुर में गोकशी के मामले में फरार चल रहे अजीमनगर के रहने वाले एक आरोपी को पकड़ने के लिए सीओ सिटी के नेतृत्व में आई टीम आरोपी का पीछा करते हुए कचहरी में एक अधिवक्ता के चैंबर में घुस गई। आरोपी को दबोच भी लिया, इसी बीच अधिवक्ताओं ने चैंबर में आकर हंगामा कर दिया और पुलिस का घेराव करके आरोपी को छुड़ा लिया। बाद में आरोपी ने सरेंडर कर दिया। हंगामे के बाद पुलिस लौट गई।
बता दें कि रुद्रपुर के आवास विकास में तीन दिन पहले गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। इसके बाद वहां पर बवाल हो गया था। पुलिस ने किसी तरह से वहां पर पहुंचकर मामले को शांत कराया था। उसके बाद पुलिस ने इस मामले में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने चार लोगों के नाम प्रकाश में आए थे। जिसमें अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव खिजरपुर निवासी दानिश का नाम भी शामिल था। सूचना मिलने के बाद सुबह रुद्रपुर सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ सूचना मिलने के बाद दबिश देने के लिए उसके घर पहुंची। लेकिन आरोपी किसी तरह से बचकर भाग निकला।
वह कचहरी परिसर में एक अधिवक्ता के चेंबर में घुस गया। पुलिस टीम भी उसे पकड़ने को चैंबर में पहुंच गई और उसे दबोच लिया। इसी बीच तमाम अधिवक्ता एकत्र हो गए। सीओ सिटी का घेराव कर दिया। काफी देर कहचरी में हंगामा रहा। सिविल लाइन इंस्पेक्टर और सीओ सिटी अनुज चौधरी भी वहां पहुंच गए। किसी तरह से मामले को शांत कराया। बाद में रुद्रपुर पुलिस टीम वहां से वापस लौट गई। जबकि आरोपी अन्य मामले में कोर्ट में सरेंडर करने के बाद जेल चला गया।
दानिश के खिलाफ जारी हुआ था वारंट
अधिवक्ता मोहम्मद उस्मान खां कहना है कि जानलेवा हमला सहित कई धाराओं में आरोपी दानिश पर मुकदमा दर्ज है। वह गुरुवार को कोर्ट में सरेंडर करने आया था। इस दौरान रुद्रपुर की पुलिस ने आकर उसको छीनने का प्रयास किया। लेकिन बाद में उसको कोर्ट में सरेंडर किया। इसके बाद वह जेल चला गया। रुद्रपुर पुलिस का चैंबर में आकर आरोपी को पकड़ना गलत है।
काफी समय तक रहा अफरा-तफरी का माहौल
अधिवक्ता के चेंबर में पुलिस के घुसने की जानकारी मिलने के बाद सभी अधिवक्ता आनन फानन में मोहम्मद उस्मान खां के चेंबर के पास पहुंच गए। उसके बाद रुद्रपुर से आए सीओ सिटी और उनकी टीम से नोक झोंक करते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान काफी समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई।
तीन दिन पहले रुद्रपुर के आवास विकास में कुछ पशुओं के अवशेष मिले थे। इस मामले में पहले अज्ञात पर मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में विवेचना के दौरान कई लोगों नाम प्रकाश में आए थे। उसके बाद जिसमें खिरजपुर का रहने वाला दानिश शामिल है। उसको पकड़ने के लिए गए थे। वह चेंबर में जाकर घुस गया। बाद में टीम वहां से बैंरग लौट आई। उस पर काफी मुकदमें दर्ज है।
-अभय प्रताप सिंह,सीओ सिटी रुद्रपुर
