बरेली: रविवार को तय हुई शादी, चार दिन बाद पेड़ से लटकता मिला शव
बरेली, अमृत विचार। स्नातक की डिग्री लेने आगरा गए शेरगढ़ थाना क्षेत्र के आकलाबाद निवासी अजयवीर का शव गुरुवार को बिशारतगंज के गांव अखा में बबूल के पेड़ से लटकता मिला। बताया जा रहा है कि रविवार को ही युवक की शादी तय हुई थी। पुलिस ने युवक के बैग से बरामद कागजातों के आधार …
बरेली, अमृत विचार। स्नातक की डिग्री लेने आगरा गए शेरगढ़ थाना क्षेत्र के आकलाबाद निवासी अजयवीर का शव गुरुवार को बिशारतगंज के गांव अखा में बबूल के पेड़ से लटकता मिला। बताया जा रहा है कि रविवार को ही युवक की शादी तय हुई थी। पुलिस ने युवक के बैग से बरामद कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त की और परिजनों को सूचित किया। मौत से एक दिन पहले युवक ने पिता से बात की थी। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है।
अजयवीर आगरा स्थित अंबेडकर यूनिवर्सिटी के छात्र थे। हाल ही में उन्होंने बीएससी एग्रीकल्चर अंतिम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। सोमवार शाम करीब 4 बजे वह घर से आगरा के लिए रवाना हुए थे। अजयवीर के पिता मोहन स्वरूप ने बताया कि वह डिग्री लेने की बात कहकर घर से निकला था। मंगलवार को फोन कर बताया कि अजयवीर ने बुधवार को डिग्री मिलने की बात कही थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे युवक ने कॉलेज में प्राचार्य न होने व डिग्री के लिए ऑनलाइन प्रकिया पूरी करने की बात कह गुरुवार को वापस आने की बात कही थी। गुरुवार को परिजन अजयवीर की वापसी का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान पिता को फोन पर बिशारतगंज पुलिस ने अजयवीर की मौत की सूचना दे दी जब तक परिजन बरेली पहुंचे तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। परिजनों ने युवक या परिवार के किसी अन्य सदस्य की रंजिश व झगड़ा होने की बात से इंकार किया है। बिशारतगंज एसओ अखिलेश कुमार प्रधान ने मामले को प्राथमिक तौर पर आत्महत्या बताते हुए परिजनों की ओर से तहरीर मिलने से इंकार किया है। गुरुवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बेटे की मौत का पता चलते ही युवक की मां मालदेई का रो-रोकर बुरा हाल है।
शादी की बात ने पुलिस के मन में पैदा किया संदेह
पिता मोहन स्वरूप ने बताया कि बीते रविवार को ही अजयवीर की भोजीपुरा के धीरपुर निवासी युवती से शादी पक्की हुई थी। बताया कि अजयवीर चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। अजयवीर के पिता मजदूरी करते हैं और उन्हीं की कमाई से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे के अच्छे भविष्य के लिए उसे अंबेडकर यूनिवर्सिटी से पढ़ा रहे थे। पुलिस के लिए शादी तय होने की बात संदेह पैदा कर रही है। इसकी वजह से पुलिस भी इस बिंदु पर जांच कर रही है।
