मुरादाबाद में नहीं थम रहा कोरोना का कहर, 354 नए संक्रमित मिले, सक्रिय केस 3032
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। बुधवार-गुरुवार को जहां 400 से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए, वहीं शुक्रवार को 354 नये मरीज जांच में कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसमें जजेज कंपाउंड के 17 लोग, पीटीएस के 21 कर्मियों व पीएसी के चार जवानों के अलावा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। बुधवार-गुरुवार को जहां 400 से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए, वहीं शुक्रवार को 354 नये मरीज जांच में कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसमें जजेज कंपाउंड के 17 लोग, पीटीएस के 21 कर्मियों व पीएसी के चार जवानों के अलावा मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में कार्यरत अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर, दो निजी अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, रेल, जेल, परिवहन विभाग, बैंक का स्टाफ भी शामिल हैं।
शुक्रवार को मिले संक्रमितों में अधिकांश शहर के रहने वाले हैं। बुद्धि विहार, बैंक कॉलोनी, आशियाना फेज एक और दो, चंद्र नगर, अग्निशमन केंद्र ताड़ीखाना, रामंगा विहार, कांशीराम नगर, लाकड़ी फाजलपुर, एसपी रेलवे ऑफिस, रेलवे कॉलोनी हरथला, मानसरोवर कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के 12 कर्मी और उनके परिवार वाले आदि की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कांठ, बिलारी, डिलारी, ठाकुरद्वारा, मूंढापांडे आदि विकास खंडों के गांवों में रहने वाले महिला, पुरुष और बुजुर्ग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। आईडीएसपी के जिला डेटा प्रबंधक अंकित शर्मा ने बताया कि सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या 3032 हो गई है। इनके संपर्क में आने वालों की जांच कराई जा रही है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमितों को होम आइसोलेट कराया जा रहा है। उनके संपर्क में आने वालों को भी सलाह दी जा रही है कि वे खुद भी सतर्क रहें। उनकी जांच के लिए टीमें पहुंचेंगी। तब तक वे अनावश्यक रूप से इधर-उधर न घूमें। कोरोना नियमों का पालन करें।
कोरोना से 63 ने जीती जंग
जिले में कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित हुए 63 मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली है। बीमारी की चपेट में आने के बाद इलाज और सकारात्मक सोच से ये लोग इससे उबर चुके हैं। ऐसे मरीज दूसरों के लिए प्रेरणा हैं। वे कहते हैं कि संक्रमित होने पर तनाव न लें। चिकित्सक की सलाह पर चलें और कोविड नियमों का पालन करें।
