बदायूं: फर्जी आधार कार्ड व वोटर आईडी बनाने वाले दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बदायूं। निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराने के लिए ईवीएम मशीन व वीवी पैट का प्रयोग किया जा रहा है। जिसके बाद से फर्जी वोटिंग बंद सी हो गई है लेकिन कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से चुनाव में वोटिंग कराने की तैयारी की। गुरुवार की शाम एसओजी और कोतवाली सहसवान पुलिस ने एक …

अमृत विचार, बदायूं। निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराने के लिए ईवीएम मशीन व वीवी पैट का प्रयोग किया जा रहा है। जिसके बाद से फर्जी वोटिंग बंद सी हो गई है लेकिन कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से चुनाव में वोटिंग कराने की तैयारी की। गुरुवार की शाम एसओजी और कोतवाली सहसवान पुलिस ने एक फोटो स्टेट सेंटर पर छापामारी करके दो लोगों को फर्जी आधार व वोटर कार्ड बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया। शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। आरोपी मतदाता सूची में नाम होने और बाहर निवास करने वालों के फर्जी आधार कार्ड व वोटर आईडी बनाकर बेचते थे।

जिला प्रशासन चुनाव के मद्देनजर सख्ती दिखा रहा है। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के निर्देश पर अपराध की रोकथाम के लिए बनाई गई विशेष टीम और कोतवाली पुलिस ने सहसवान के बिल्सनगंज रोड स्थित राजीव फोटो स्टेट की दुकान पर छापा मारा। दो युवक गांव जहांगीराबाद निवासी राजीव पुत्र प्रेमचंद्र और गांव चोई निवासी प्रेमपाल पुत्र डाल चंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

जिनके पास से दो लेपटॉप, एक फोटो स्टेट मशीन, फोटो स्टेट कलर मशीन, एक स्केनर डिवाइस, 14 फर्जी आधार कार्ड, 6 फर्जी वोटर कार्ड, एक फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस, मेडिकल ऑफिसर की फर्जी मुहर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की कई मुहर, पेन ड्राइव, तीन स्केनर आदि बरामद किया।

आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई। उन्होंने अपना जुर्म कबूल किया है। बताया कि वह फर्जी आधार व वोटर कार्ड बनाते हैं। चुनाव पास आ रहे हैं। जो लोग वोट लिस्ट में हैं और बाहर निवास करते हैं। उनके आधार व वोटर आईडी फर्जी तरीके से बनाकर देते हैं। अब तक कई लोगों को ऐसे आधार व वोटर कार्ड बेच चुके हैं। जिससे अच्छा मुनाफा हो जाता है।

रोज दुकान बंद करते समय दोनों आरोपी आपस में रुपये बांट लेते हैं। आरोपियों ने आधार कार्ड व वोटर आईडी खरीदने वालों के कुछ नाम बताए हैं। एसएसपी ने उनकी भी जल्द गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया है। स्पेशल टीम में विशेष टीम के उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, दीन दयाल, पुष्पेंद्र कुमार, सबित कुमार, सचिन बालियान, कुलदीप कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला, प्रमोद कुमार, राकेश कुमार, उमेश कुमार रहे।

‘शिकायत प्राप्त हुई थी फोटो स्टेट की दुकान पर 500-500 रुपये में फर्जी आधार व वोटर कार्ड बनाकर बेचे जा रहे हैं। विशेष टीम और कोतवाली पुलिस मौके पर भेजी गई थी। ग्राहक बनकर टीम ने अपने फर्जी आधार कार्ड बनवाए और जब आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड बनाकर दे दिए तो टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से फर्जी आधार व वोटर आईडी बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। ऐसे लोगों की तलाश की जा रही है जिन्होंने आधार कार्ड या वोटर आईडी खरीदी हैं। अभियोग पंजीकृत करके विवेचना की जा रही है।’
– सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात

ये भी पढ़े-

यूपी चुनाव : अखिलेश ने सीएम योगी पर बोला हमला, कहा- बाबा से कैच छूट गया

संबंधित समाचार